शाहीन बाग़ में बढ़ी प्रदर्शनकारियों की तादाद, पंजाब से बड़ी तादाद में पहुंचे सिख महिला, पुरुष
नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग़ में आज प्रदर्शनकारियों की तादाद में काफी बढ़ोत्तरी हुई है। सैकड़ो की तादाद में किसान यूनियन से जुड़े सिख पुरुष और महिलाएं शाहीन बाग़ पहुंचे हैं।
बता दें कि शाहीन बाग़ प्रदर्शन को मिल रही धमकियों के मद्देनज़र प्रदर्शनकारियों ने एक पोस्टर जारी कर सुरक्षा का हवाला देते हुए 4 फरवरी से 7 फरवरी तक बड़ी तादाद में लोगों से प्रदर्शन में मौजूद रहने की अपील की थी।
पोस्टर में कहा गया था कि “पिछले कुछ दिन में हुई हिंसा के बावजूद हम मजबूती से खड़े हैं। दिल्ली चुनाव के नजदीक आते ही हमारा शांतिपूर्ण प्रदर्शन हिंसक राजनीति करने वालों के निशाने पर है। इससे हमारी सुरक्षा के लिए खतरा बढ़ गया है। रात के समय यह खतरा सबसे अधिक होता है।”
इसलिए हम दिल्ली के बहादुर लोगों से अपील करते हैं कि रात में हमारे साथ रुकें। अंत में कहा गया है कि 4 से 7 फरवरी के बीच सुबह 11 बजे से रात 11 बजे तक अराजक तत्वों से प्रदर्शन को बचाने के लिए बड़ी संख्या में आएं।”
इससे पहले शाहीन बाग़ प्रदर्शन से जुड़े सामाजिक संगठनों वूमन ऑफ शाहीन बाग़, फोरम ऑफ सिटिजंस फॉर इक़्वल राइट्स,सिटीजन फॉर जस्टिस एन्ड पीस तथा अन्य लोगों ने दिल्ली के पुलिस कमिश्नर, चुनाव आयोग, राष्ट्रीय मानवाधिकार आयोग और गृह मंत्रालय को पत्र लिख कर कहा था कि शाहीन बाग़ में चल रहे आंदोलन को मिल रही धमकियां वास्तविक हैं, शक्तिशाली पदों पर बैंठे लोगों द्वारा खुलेआम धमकी दी गई है।
इस पत्र में कहा गया था कि ऐसे हालातो में दिल्ली पुलिस कानूनन अपनी आंखों, कानों और लाठियों को उन लोगों को लिए प्रशिक्षित करने के बाध्य है, जो इस शांतिपूर्ण विरोध को हिंसक रूप देना चाहते हैं। हम शांतिपूर्ण प्रदर्शनकारियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए उचित कार्रवाई का आग्रह करते हैं।
गौरतलब है कि दिल्ली में 8 फरवरी को विधानसभा चुनाव होना है। शाहीन बाग़ प्रदर्शनकारियों को अंदेशा है कि 07 फरवरी की रात तक उन पर कोई भी हमला किया जा सकता है। वहीँ प्रदर्शन में शामिल लोगों ने बताया कि केंद्रीय मंत्री से लेकर छुटभैये नेता तक शाहीन बाग़ में चल रहे शांतिपूर्ण प्रदर्शन को थस नहस करने की धमकी दे चुके हैं।
अनुराग ठाकुर ने दी धमकी:
एक चुनावी सभा में विवादित नारे लगवाने वाले केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने एक बार फिर धमकी भरे लहजे में कहा कि दिल्ली में बीजेपी क्लीन स्वीप करेगी और 11 फरवरी को चुनाव परिणाम आते ही शाहीन बाग़ को जबरन खाली करा दिया जाएगा।
ईडी का दावा, फंडिंग के पीछे पीएफआई का हाथ:
इस बीच प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) ने दावा किया है कि शाहीन बाग में नागरिकता संशोधन कानून (सीएए) के खिलाफ हो रहे प्रदर्शन में देशविरोधी ताकतें फंडिंग कर रही हैं। ईडी ने दावा किया है कि पॉपुलर फ्रंट ऑफ इंडिया (पीएफआई) ने शाहीन बाग की फंडिंग की है।
इतना ही नहीं ईडी ने यह भी दावा किया है कि कांग्रेस और आम आदमी पार्टी (आप) के नेता पीएफआई अध्यक्ष के संपर्क में थे। जांच एजेंसी के अनुसार आप नेता संजय सिंह ने पीएफआई नेता मोहम्मद परवेज अहमद से मुलाकात की थी