दिल्ली चुनाव: कांग्रेस ने गठबंधन में राजद को दीं 04 सीटें
नई दिल्ली। दिल्ली विधानसभा में कांग्रेस ने राष्ट्रीय जनता दल को गठबंधन के तहत चार सीटें देने का फैसला किया है। पार्टी ने जो चार सीटें राष्ट्रीय जनता दल के लिए छोड़ी हैं उनमे बुराड़ी, किराड़ी, उत्तम नगर और पालम विधानसभा सीटें शामिल हैं।
इससे पहले कयास लगाए जा रहे थे कि राष्ट्रीय जनता दल ने कांग्रेस के सामने 06 सीटों की डिमांड रखी है। राष्ट्रीय जनता दल के राज्य सभा सांसद मनोज झा ने न्यूज़ एजेंसी एएनआई को बताया कि दिल्ली विधानसभा चुनाव में राष्ट्रीय जनता दल चार विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवार खड़े करेगी।
उन्होंने कहा कि दिल्ली की बुराड़ी, किराड़ी, उत्तम नगर और पालम विधानसभा सीट कांग्रेस ने राजद के लिए छोड़ी हैं। इन सीटों पर राष्ट्रीय जनता दल के उम्मीदवार चुनाव लड़ेंगे।
रविवार को कांग्रेस ने दिल्ली विधानसभा चुनाव के लिए उम्मीदवारों की पहली सूची में 54 विधानसभा सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान किया था। पहली सूची में आम आदमी पार्टी से कांग्रेस में शामिल हुईं अलका लांबा, कीर्ति आज़ाद की पत्नी पूनम आज़ाद, हारून यूसुफ, कृष्णा तीरथ, डा अशोक कुमार वालिया, अरविंदर सिंह लवली, डा नरेंद्र नाथ और मतीन अहमद के नाम शामिल हैं।
दिल्ली में 70 विधानसभाओं के लिए 8 फरवरी को मतदान होना है और 11 फरवरी को चुनावी नतीजे घोषित किये जायेंगे। दिल्ली में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी ने सभी 70 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान कर दिया है। वहीँ बीजेपी ने अपने पहली लिस्ट में 57 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया है।