सोनिया से मिले अशोक गहलोत, इस मुलाकात पर लगाए जा रहे कयास

सोनिया से मिले अशोक गहलोत, इस मुलाकात पर लगाए जा रहे कयास

नई दिल्ली। राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने आज शाम कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी से उनके आवास 10 जनपथ पर मुलाकात की। इस मुलाकात को लेकर तरह तरह के कयास लगाए जा रहे हैं।

बताया जा रहा है कि कांग्रेस में अध्यक्ष पद के प्रवल दावेदारों में से एक नाम मुख्यमंत्री अशोक गहलोत का भी है। यदि राहुल गांधी अपनी ज़िद्द पर अड़े रहे तो ऐसी स्थिति में अशोक गहलोत कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ सकते हैं। हालांकि राजस्थान प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने प्रस्ताव पास करके राहुल गांधी को पार्टी अध्यक्ष बनाये जाने की मांग की है।

इससे पहले मंगलवार को कांग्रेस सूत्रों ने कहा कि राहुल गांधी के अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने की संभावनाएं न के बराबर हैं, क्यों कि वे भारत जोड़ो यात्रा कर रहे हैं और वे यात्रा छोड़कर संगठन चुनाव के लिए बीच में दिल्ली नहीं आएंगे।

वहीँ दूसरी तरफ कांग्रेस सांसद शशि थरूर को पार्टी अध्यक्ष का चुनाव लड़ने के लिए सोनिया गांधी से अनुमति मिल गई है। इसलिए ये भी तय माना जा रहा है कि कांग्रेस अध्यक्ष के पद पर मनोनीत नहीं किया जायेगा बल्कि चुनाव होगा।

फ़िलहाल देखना है कि आज मुख्यमंत्री अशोक गहलोत की कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से हुई मुलाकात का कांग्रेस के संगठन चुनाव पर क्या असर होता है। कांग्रेस के संगठन चुनाव के लिए कल अधिसूचना जारी होनी है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital