राहुल गांधी का बड़ा हमला, ‘तमिलनाडु के लोगों पर अपने विचार थोपने की कोशिश करते हैं पीएम’

राहुल गांधी का बड़ा हमला, ‘तमिलनाडु के लोगों पर अपने विचार थोपने की कोशिश करते हैं पीएम’

चेन्नई। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने एक बार फिर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर निशाना साधा है। चेन्नई में मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम. के. स्टालिन पर लिखी किताब (आत्मकथा) के विमोचन के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल हुए राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर तमिलनाडु के लोगों का अपमान करने का आरोप भी लगाया।

राहुल गांधी ने कहा कि जब प्रधानमंत्री यहां आते हैं और तमिलनाडु के लोगों पर कोई और विचार थोपने की कोशिश करते हैं, तो उन्हें समझ में नहीं आता कि तमिलनाडु केवल 2 शब्द नहीं बल्कि 3,000 साल है। वह राज्य और हमारे देश का अपमान करते हैं।

उन्होंने कहा कि जम्मू-कश्मीर के लोग ख़ुद पर शासन नहीं करते हैं, लेकिन UP, गुजरात के नौकरशाह उन पर शासन करते हैं। पंजाब में उन्होंने एकतरफा पंजाब से 100 किमी ज़मीन छीनकर BSF को दे दी। हमारी दृष्टि विविधता में एकता है, और उनकी दृष्टि अनुरूपता के माध्यम से एकता।

इस कार्यक्रम में राजद नेता तेजस्वी यादव, केरल के मुख्यमंत्री पिनाराई विजयन, जम्मू कश्मीर नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता उमर अब्दुल्ला सहित गैर बीजेपी दलों के कई बड़े नेता मौजूद थे। कार्यक्रम में राहुल गांधी ने चेन्नई में मुख्यमंत्री और डीएमके अध्यक्ष एम. के. स्टालिन पर लिखी किताब (आत्मकथा) का विमोचन किया।

इससे पहले कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रूस और यूक्रेन के बीच जारी युद्ध को लेकर भारतीय छात्रों को रेस्क्यू करने की मांग करते हुए ट्वीट किया।

राहुल गांधी ने वीडियो के साथ कैप्शन में लिखा, ‘इस तरह की हिंसा झेल रहे भारतीय छात्रों और ये वीडियो देखने वाले उनके परिवार के प्रति मेरी संवेदना है। इस तरह की हिंसा झेल रहे भारतीय छात्रों के लिए और ये वीडियो देखने वाले उनके परिवार के लिए दिल से दुख हो रहा है। किसी भी अभिभावक को ऐसी स्थिति से नहीं गुजरना चाहिए। भारत सरकार को युक्रेन में फंसे हुए लोगों और उनके परिवारों के साथ तत्काल निकासी योजना शेयर करना चाहिए। हम अपनों को नहीं छोड़ सकते।’

TeamDigital