16 दिसंबर को उत्तराखंड में बड़ी रैली को संबोधित करेंगे राहुल गांधी
देहरादून। उत्तराखंड में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी 16 दिसंबर को चुनाव प्रचार अभियान की शुरुआत करेंगे। राहुल गांधी उत्तराखंड की राजधानी देहरादून में आयोजित रैली को संबोधित करेंगे।
उत्तराखंड कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष गणेश गोदियाल ने देहरादून में बताया कि 16 दिसंबर को राहुल गांधी उत्तराखंड आ रहे हैं। 16 दिसंबर को एक बड़ी सैनिक सम्मान रैली का आयोजन होगा, उसमें बड़ी संख्या में सैनिकों के साथ आम जनता भी शामिल होगी। देहरादून में रैली का आयोजन किया जाएगा।
उत्तराखंड में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस में तेजी से काम चल रहा है। पार्टी सूत्रों ने बताया कि विधानसभा चुनाव के लिए प्रत्याशियों के चयन की प्रक्रिया अंतिम दौर में है। सूत्रों ने कहा कि पार्टी की प्राथमिकता ज़मींन से जुड़े जिताऊ चेहरों को टिकिट देने की है।
सूत्रों ने कहा कि उत्तराखंड प्रदेश कांग्रेस इकाई ने प्रत्येक सीट पर पांच पांच उम्मीदवारों के नाम का पैनल बनाकर पार्टी हाईकमान को भेज दिया है। उम्मीदवारों के नाम के पैनल में से ही अंतिम फैसला होना है।
सूत्रों की माने तो अधिकांश सीटों पर उम्मीदवारों के नाम इस महीने के अंत तक तय कर लिए जायेंगे और संभव है कि पिछले विधानसभा चुनाव में कांग्रेस द्वारा जीती गईं सीटों पर उम्मीदवारों का एलान जनवरी महीने के प्रथम सप्ताह तक कर दिया जाए।
वहीँ 16 दिंसबर को देहरादून में आयोजित होने वाली रैली की पुष्टि करते हुए उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री हरीश रावत ने अल्मोड़ा में कहा कि राहुत गांधी उत्तराखंड विधानसभा चुनाव 2022 के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं में जोश फूंकेंगे। इसीलिए वह 16 दिसंबर को देहरादून पहुंच रहे हैं।
हरीश रावत अल्मोड़ा में एक जनसभा को संबोधित करने पहुंचे थे। जनसभा को संबोधित करते हुए हरीश रावत ने कहा कि राज्य की जनता से कई लोक-लुभावने वादे किए। उन्होंने कहा कि कांग्रेस सत्ता में आने पर युवाओं, महिलाओं के लिए काम करेगी।
हरीश रावत ने कहा कि कांग्रेस की परिवर्तन यात्रा का तीसरा चरण जल्द ही शुरू होगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में लोगों का परिवर्तन यात्रा में पहुंचना ही परिवर्तन के लक्षण हैं। पूर्व सीएम ने कहा कि कांग्रेस के सत्ता में आने के सत्ता के पहले साल से ही युवाओं को नौकरी दी जाएगी। जिनको नौकरी नहीं दी जा सकेगी उन्हें बेरोजगारी भत्ता दिया जाएगा।
