राहुल ने फिर साधा निशाना, कहा ‘वैक्सीन, ऑक्सीजन, दवाओं के साथ पीएम भी गायब’
नई दिल्ली। कोरोना महामारी के बीच देश में पैदा हुए हालातो को लेकर पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी बीजेपी, केंद्र सरकार और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर लगातार हमले कर रहे हैं। देश के कई राज्यों में ऑक्सीजन, दवाओं और वैक्सीन की किल्ल्त को लेकर आज राहुल गांधी ने पीएम मोदी पर सीधा निशाना साधा है।
राहुल गांधी ने ट्वीट कर कहा, ”वैक्सीन, ऑक्सीजन और दवाओं के साथ PM भी गायब हैं. बचे हैं तो बस सेंट्रल विस्टा, दवाओं पर GST और यहां-वहां PM के फ़ोटो।”
वहीँ इससे पहले राहुल गांधी ने हाल ही में सेंट्रल विस्टा के निर्माण को लेकर पीएम मोदी पर निशाना साधते हुए कहा था कि ”नदियों में बहते अनगिनत शव, अस्पतालों में लाइनें मीलों तक, जीवन सुरक्षा का छीना हक. पीएम वो गुलाबी चश्मा उतारो, जिससे सेंट्रल विस्टा के सिवा कुछ दिखता नहीं।”
12 पार्टियों के नेताओं ने भी लिखा पीएम को पत्र:
वहीँ दूसरी तरफ देश के 12 राजनीतिक दलों के नेताओं ने पीएम नरेंद्र मोदी को पत्र लिख कर कई सुझाव दिए हैं। इन सुझावों में कृषि कानूनों को रद्द करने और बेरोज़गारो को प्रतिमाह 6 हज़ार रूपये दिए जाने का सुझाव भी शामिल है।
पत्र में कहा गया है कि सरकार को चाहिए कि वह तीनो कृषि कानूनों को तुरंत रद्द करे जिससे आंदोलनकारी किसानो को कोरोना महामारी से बचाया जा सके। पत्र में निजी अस्पतालों में वैक्सीन के लिए कीमत लिए जाने का ज़िक्र करते हुए सभी आयु वर्ग के लोगों को मुफ्त वैक्सीन देने की मांग की गई है।
इतना ही नहीं पत्र में कहा गया है कि सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट के लिए आवंटित पैसों को ऑक्सीजन और वैक्सीन की खरीद के लिए खर्च करने की जरूरत है। इसलिए सेंट्रल विस्टा प्रोजेक्ट को तुरंत रोका जाना चाहिए।
इस पत्र में सोनिया गांधी ( कांग्रेस), एचडी देवगौड़ा (जेडी-एस), शरद पवार (एनसीपी), उद्धव ठाकरे (शिवसेना), ममता बनर्जी (टीएमसी), एमके स्टालिन (डीएमके), हेमंत सोरेन (जेएमएम), अखिलेश यादव (सपा), फारूक अब्दुल्ला (जेकेपीए), तेजस्वी यादव (आरजेडी), डी राजा (सीपीआई) और सीताराम येचुरी (सीपीआई-एम) ने हस्ताक्षर किए हैं।
