राहुल का सरकार पर वार- तमिल भाषा, इतिहास और संस्कृति का अपमान करती है केंद्र सरकार

राहुल का सरकार पर वार- तमिल भाषा, इतिहास और संस्कृति का अपमान करती है केंद्र सरकार

चेन्नई। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज एक बार फिर केंद्र सरकार, बीजेपी और आरएसएस के अलावा तमिलनाडु सरकार पर बड़ा हमला बोला। अपने चुनावी दौरे तमिलनाडु पहुंचे राहुल गांधी ने आज तूतूकुड़ी के मीनाक्षीपुरम में कांग्रेस नेता राहुल गांधी ने रोड शो भी किया।

राहुल गांधी ने मोदी सरकार के खिलाफ मोर्चा खोलते हुए भाषाओँ के अपमान का आरोप लगाया। उन्होंने कहा, “सरकार देश और तमिलनाडु के लोगों का अपमान कर रही है। वे तमिल भाषा, इतिहास और संस्कृति का अपमान कर रहे हैं। भारत बहुत से विचारों, भाषाओं और परंपराओं का संघ है सभी का सम्मान होना चाहिए।”

राहुल गांधी ने कहा कि तमिलनाडु की वर्तमान सरकार को दिल्ली की सरकार नियंत्रित कर रही है। नरेंद्र मोदी सोचते हैं कि तमिलनाडु एक टेलीविजन है और वे एक कमरे में बैठकर रिमोट कंट्रोल से तमिलनाडु को नियंत्रित कर सकते हैं। हम उनके रिमोट कंट्रोल की बैट्री को फेंकने जा रहे हैं।

इससे पहले राहुल गांधी ने तुतकुड़ी में कहा कि धर्मनिरपेक्षता हमारी संस्कृति और इतिहास की बुनियाद है। इस देश में धर्मनिरपेक्षता पर हमला हो रहा है। RSS और बीजेपी इसका नेतृत्व कर रहे हैं। यह सिर्फ संविधान पर हमला नहीं है बल्कि इतिहास और संस्कृति पर भी हमला है। इसे रोकना बहुत जरुरी है।

उन्होंने कहा कि चीन ने भारत के कुछ स्ट्रेटेजिक इलाकों पर कब्ज़ा किया है। पहले उन्होंने डोकलाम में आइडिया को टेस्ट किया, उन्होंने देखा कि भारत ने प्रतिक्रिया नहीं की। फिर उन्होंने अपने उस आइडिया को लद्दाख, अरुणाचल प्रदेश में दोहराया। इस सरकार में देपसांग में हमारी जमीन वापस नहीं आएगी।

राहुल गांधी ने कहा कि संस्थाओं के बीच संतुलन बिगड़ता है तो राष्ट्र अशांत होता है। पिछले 6 सालों से सभी संस्थाओं पर व्यवस्थित तरीके से हमला किया जा रहा है। दुख है कि भारत में लोकतंत्र मर गया है क्योकि एक संस्था RSS हमारे देश के संस्थागत संतुलन को बिगाड़ और बर्बाद कर रही है।

गौरतलब है कि तमिलनाडु में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग द्वारा कल एलान किये गए चुनाव कार्यक्रम के मुताबिक तमिलनाडु विधानसभा चुनाव एक चरण में 6 अप्रैल को होंगे; मतगणना 2 मई को होगी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital