सीएए: लखनऊ में बिना तम्बू और अलाव के खुले आसमान के नीचे डटी रहीं महिलाएं

सीएए: लखनऊ में बिना तम्बू और अलाव के खुले आसमान के नीचे डटी रहीं महिलाएं

लखनऊ। नागरिकता कानून और एनआरसी के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग़ की तर्ज पर लखनऊ के घंटाघर इलाके में महिलाओं द्वारा शुरू किये गए विरोध प्रदर्शन में रविवार की रात महिलाओं की तादाद में और बढ़ोत्तरी देखी गई।

भीषण सर्दी में बिना तंबू और अलाव जलाये बिना खुले आसमान के नीचे महिलाएं डटी रहीं। एक दिन पहले पुलिस द्वारा कंबल छीन लिए जाने के बाद खुद को सर्दी से बचाने के लिए महिलाओं ने शॉल और हिजाब का उपयोग किया तो कुछ महिलाएं अपने सिर पर गर्म टोपियां लगाए थीं।

रविवार दोपहर को महिलाओं की संख्या कम थी लेकिन दोपहर बाद महिलाओं की संख्या बढ़नी शुरू हुई तो घंटाघर के पास का पूरा इलाका महिलाओं की भीड़ से भर गया। कुछ महिलाएं अपने हाथो में “नो सीएए- नो एनआरसी” की तख्तियां लिए हुए थीं।

इतना ही नहीं रविवार सुबह तड़के महिलाओं के कंबल और खाने पीने की चीज़ें जब्त करने वाली उत्तर प्रदेश पुलिस के कर्मचारियों को महिलाओं ने गुलाब के फूल भेंट कर यह जता दिया कि वे आंदोलन को गांधीवादी तरीके से आगे बढ़ाएंगी।

दोपहर में जेल से छूटे रिहाई मंच के अध्यक्ष एडवोकेट मोहम्मद शोएब भी प्रदर्शनकारी महिलाओं के समर्थन में घंटाघर पार्क पहुंचे। उन्होंने आरोप लगाया कि पुलिस शांतपूर्वक चल रहे आंदोलन को ताकत के बल पर बिगाड़ने की कोशिश कर रही है।

वहीँ शनिवार रात में पुलिस ने धारा 144 लागू कर दिया है। नियम के विपरित प्रदर्शन के आरोप में पुलिस ने अज्ञात प्रदर्शनकारियों के खिलाफ ठाकुरगंज थाने में एफआइआर दर्ज की है। अपर पुलिस उप आयुक्त पश्चिमी विकास चंद्र त्रिपाठी के मुताबिक वीडियो और फोटो के आधार पर प्रदर्शनकारियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जाएगी।

इससे रविवार सुबह पुलिस ने धरना दे रही महिलाओं को वहां से हटाने की कोशिशों के तहत करीब में बने टायलेट पर ताला डाल दिया। इतना ही नहीं पुलिस ने सर्दी से बचने के लिए स्थानीय लोगों द्वारा जलाये गए अलाव को भी पानी डालकर बुझा दिया और महिलाओं के कंबल, खाने पीने का सामान इत्यादि भी पुलिस उठाकर ले गई थी।

प्रदर्शन में शामिल महिलाओं का कहना है कि वे नागरिकता कानून वापस होने तक यहीं डटीं रहेंगी और विरोध प्रदर्शन जारी रहेगा। दिल्ली के शाहीन बाग़ की तर्ज पर चल रहे इस विरोध प्रदर्शन में अब लखनऊ के अन्य इलाको से भी लोगों का पहुंचना शुरू हो गया है।

विवादित फेसबुक पोस्ट को लेकर 112 लोगों पर मुकदमा:

सोशल नेटवर्किंग साइट फेसबुक पर विवादित पोस्ट डालने के मामले में लखनऊ पुलिस ने 112 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस के मुताबिक 112 लोगों पर भड़काऊ पोस्ट डालने व अन्य धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital