प्रियंका नहीं होंगी यूपी में सीएम फेस, लेकिन सीएम फेस के साथ चुनाव में उतरेगी कांग्रेस

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अभी से कमर कसनी शुरू कर दी है। चुनावी तैयारियों को अंतिम रूप दे रहे पार्टी के वरिष्ठ नेता इस बार फूंक फूंक कर कदम रख रहे हैं। वहीँ उत्तर प्रदेश की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी सभी चुनावी तैयारियों की मॉनिटरिंग कर रही हैं।
\इस बीच उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने शनिवार को कहा कि कांग्रेस यूपी विधानसभा चुनाव सीएम चेहरे के साथ लड़ेगी।
विधानसभा चुनाव के लिए घोषणा पत्र में किन किन मुद्दों को शामिल किया जाए, इसे लेकर आम जनता की राय जानने के लिए शनिवार को सलमान खुर्शीद और कांग्रेस प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत कानपुर पहुंचे थे।
मीडिया से बात करते हुए खुर्शीद ने कहा कि कांग्रेस ने शिक्षा, रोजगार, सुरक्षा, महिलाओं-बच्चों के भविष्य और किसानों के नए अवसरों को खोजने जैसे मुद्दों पर फोकस कर घोषणा पत्र बनाने की तैयारी की है। उन्होंने कहा कि स्वास्थ्य को लेकर अलग से पत्र लाया जाएगा।
सलमान खुर्शीद ने बताया कि इससे पहले घोषणा पत्र को लेकर बहराइच में भी लोगों से बात की गई थी। अब लखनऊ में कांग्रेस चुनाव घोषणा पत्र कमेटी सभी पक्षों से वार्ता कर रिपोर्ट प्रियंका गांधी को देगी।
जब सलमान खुर्शीद से पूछा गया कि उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की तरफ से सीएम फेस कौन होगा? तो सलमान खुर्शीद ने कहा कि पार्टी इस पर जल्द फैसला लेगी। वहीँ प्रियंका गांधी को सीएम का चेहरा बनाये जाने के सवाल पर सलमान खुर्शीद ने कहा कि प्रियंका गांधी सीएम के चेहरे से ऊपर हैं और समय आने पर कांग्रेस के सीएम दावेदार का ऐलान वही करेंगी।
पूर्व केंद्रीय मंत्री सलमान खुर्शीद ने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में आगामी विधानसभा चुनाव में कांग्रेस सीएम चेहरे के साथ पूरी ताकत से मैदान में उतरेगी। उन्होंने कहा कि पिछले चुनाव में एसपी से गठबंधन किया गया लेकिन जनता ने उसे खारिज कर दिया, इस बार ऐसा नहीं होगा।
वहीँ कांग्रेस की राष्ट्रीय प्रवक्ता सुप्रिया श्रीनेत ने केंद्र सरकार और बीजेपी पर सीधा हमला बोलते हुए कहा कि केंद्र सरकार ने सभी की आवाज बंद करने का बीड़ा उठाया है। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी समेत सभी की ओर से सरकार का थोड़ा सा विरोध होता है लेकिन ट्विटर खाते को बंद कर दिया जाता है।
गौरतलब है कि कांग्रेस ने देश के 75वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 75 घंटे का जय भारत महासंपर्क अभियान भी चलायेगी। इस महा अभियान की कमान खुद कांग्रेस की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी संभालेंगी। यह अभियान 19 से 21 अगस्त तक चलाया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस पार्टी 90 लाख लोगों से संपर्क करेगी। माना जा रहा है कि इस महासंपर्क अभियान से पार्टी उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले जनसमर्थन जुटाने का प्रयास करेगी।