असम: चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों से मिली प्रियंका गांधी

असम: चाय बागानों में काम करने वाले मजदूरों से मिली प्रियंका गांधी

गुवाहाटी। कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने आज बिश्वनाथ में सधूरू चाय बागान में काम करने वाले मजदूरों से मुलाकात की। इस दौरान प्रियंका गांधी ने स्वयं भी सिर पर टोकरी बांधकर चाय की पत्तियां तोड़ी।

इससे पहले प्रियंका गांधी ने सधूरू चाय बागान में काम करने वाले मजदूरों से बातचीत कर उनकी समस्याओं पर खुलकर बात की। प्रियंका गांधी ने मजदूरों को भरोसा दिलाया कि राज्य में कांग्रेस की सरकार आने पर उनके कल्याण के लिए योजनाएं शुरू की जाएँगी और वेतनमान भी बढ़ाया जाएगा।

सोमवार को असम के गोहपुर में कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी वाड्रा ने कहा कि पिछले 5 सालों में आपने देखा है कि BJP सरकार ने क्या किया है? महंगाई बहुत ज़्यादा बढ़ गई, आज भी पेट्रोल-डीज़ल और गैस के दाम बढ़े हुए हैं, 25 लाख लोगों को रोज़गार देने का वादा किया था लेकिन 1 लाख को भी रोज़गार नहीं दिया गया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज भाजपा सरकार की ये स्थिति है कि वे बड़े-बड़े उद्योगपतियों के 50 हज़ार करोड़ रुपए तक कर्ज माफ कर सकते हैं लेकिन आपका कर्ज माफ नहीं कर सकते। चाय के बगानों में भी मज़दूरों की यही हालात है कि उनके पिछले 5 सालों में बहुत कम वेतन बढ़े हैं।

गौरतलब है कि असम में जल्द ही विधानसभा चुनाव होने हैं। चुनाव आयोग के मुताबिक असम में तीन चरणों में चुनाव संपन्न होंगे। प्रथम चरण का मतदान- 27 मार्च, दूसरे चरण का मतदान- 1 अप्रैल और तीसरे चरण का मतदान -6 अप्रैल को होगा। मतगणना 2 मई को होगी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital