प्रियंका बोलीं ‘अब देश झूठ से ऊब चूका है, कांग्रेस हर मोर्चे पर जनता के साथ खड़ी है’
लखनऊ। कांग्रेस के 135वे स्थापना दिवस के मौके पर पार्टी मुख्यालय पर कांग्रेस कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने नागरिकता कानून और एनआरसी के मुद्दे पर न सिर्फ मोदी सरकार को घेरा बल्कि इन मुद्दों पर सपा बसपा की ख़ामोशी पर भी सवाल उठाये।
प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि देश अब झूठ से ऊब चूका है। जिन लोगों ने देश में एनआरसी की बात फैलाई, वही लोग अब कह रहे हैं कि एनआरसी की चर्चा नहीं। उन्होंने कहा कि देश की जनता देख रही है कि कौन झूठ बोल रहा है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि आज देशभक्ति के नाम पर लोगों को डराया जा रहा है। सीएए और एनआरसी से डराया जा रहा है। देश की महिलाओं में आज डर का माहौल है। आज देश में संकट में हैं। सरकार आज छात्र छात्राओं की आवाज को दबा रही है।
प्रियंका गांधी ने कहा कि कांग्रेस के दिल में अहिंसा और करुणा है। हिंसा कायरता की पहचान है और इस कायरता को देश पहचान रहा है। आज आवाज़ उठाते पर बच्चो को मारा जा रहा है। शांतिपूर्वक चल रहे प्रदर्शनों को कुचला जा रहा है।
नागरिकता कानून और एनआरसी के मुद्दे पर समाजवादी पार्टी और बहुजन समाज पार्टी की ख़ामोशी पर सवाल उठाते हुए प्रियंका गांधी ने कहा कि दूसरी पार्टियां सरकार से डर रही हैं लेकिन कांग्रेस हर मोर्चे पर जनता के साथ खड़ी है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस दमनकारी ताकतों के खिलाफ संघर्ष की चुनौती को स्वीकार करती है और इस लड़ाई को जारी रखेगी। प्रियंका गांधी ने कहा कि हमे इस दमन के कुचक्र से निकलना है। हमारे दिल में कोई भय और हिंसा नहीं है।