प्रियंका ने महिलाओं में भरा जोश, कहा ‘उठो द्रोपदी शस्त्र उठा लो, अब गोविंद न आएंगे’

प्रियंका ने महिलाओं में भरा जोश, कहा ‘उठो द्रोपदी शस्त्र उठा लो, अब गोविंद न आएंगे’

लखनऊ। कांग्रेस महासचिव और उत्तर प्रदेश की प्रभारी प्रियंका गांधी बुधवार को चित्रकूट पहुंची। उन्होंने यहां स्वामी मत्स्यगजेंद्रनाथ मंदिर में पूजा अर्चना की तथा कामतानाथ जी के दर्शन कर देश-प्रदेश की खुशहाली, तरक्की की कामना की। प्रियंका गांधी ने यहां मंदाकिनी किनारे महिलाओं को भी संबोधित किया।

अपने संबोधन में प्रियंका गांधी ने उत्तर प्रदेश की स्थिति का हवाला देते हुए कहा कि इस सरकार में प्रदेश की जनता बहुत परेशां है। खाद की लाइन में खड़े-खड़े कई लोगों ने जान गंवाई। उन्होंने कहा कि कोरोना काल में भाजपा सरकार बुरी तरह फ्लॉप रही है।

महिलाओं में जोश भरते हुए प्रियंका ने कहा, “बहुत हुआ इंतजार अब, सुनो द्रौपदी शस्त्र उठालो अब गोविंद ना आएंगे। औरों से कब तक आस लगाओगी। कैसी रक्षा मांग रही हो दुशासन दरबारों से।”

प्रियंका गांधी ने कहा कि महिलाओं को एक जुट होकर राजनीति में अपना हक मांगना चाहिए। उन्होंने एलान किया कि उत्तर प्रदेश के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस पार्टी 40 प्रतिशत महिलाओं को टिकट देगी। उन्होंने अपना प्रतिज्ञा पत्र महिलाओं को पढ़कर सुनाया।

प्रियंका गांधी ने कहा कि आज राजनीति में नफरत भरी जा रही है। उन्होंने लखीमपुर खीरी काण्ड का ज़िक्र करते हुए कहा कि लखीमपुर कांड में एक केंद्रीय मंत्री के बेटे ने किसानों को मारा है। सरकार भी मंत्री को बचाने का काम कर रही है।

प्रियंका गांधी ने महिलाओं से संवाद के दौरान कहा कि आप सब संघर्ष कर रही हैं; मैं आपके संघर्ष में शामिल होना चाहती हूँ और आपकी आवाज़ उठाना चाहती हूं। मैं चाहती हूँ कि हम एकजुट होकर इस समाज को, प्रदेश को और यहाँ की राजनीति को बदलें।

उन्होंने कहा कि जब आपका शोषण किया जा रहा है, आप पर अत्याचार किया जा रहा है तो आप उन्हीं लोगों से अपना हक मांगोगी, तो आपको हक़ मिलेगा? नहीं मिल सकता।

कांग्रेस महासचिव ने महिलाओं का आह्वान किया कि आप आधी आबादी हैं, हर दो व्यक्ति में से एक हैं; इसलिए एकजुट होकर राजनीति में आप अपना हक क्यों नहीं मांग रहे हो; जो सरकार आपके लिए कुछ कर ही नहीं रही है उसे आगे क्यों बढ़ा रहे हो।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital