दिल्ली की 70 सीटों पर मतदान जारी, चांदनी चौक में आप कार्यकर्ता से भिड़ीं अलका लांबा
नई दिल्ली। दिल्ली की सभी 70 विधानसभा सीटों पर आज सुबह 8 बजे से मतदान जारी है। चांदनी चौक विधानसभा सीट पर कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा ने पोलिंग बूथ पर आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ता के बीच जमकर नोकझौंक होने की खबर है।
थप्पड़ मारे जाने की यह घटना चांदनी चौक के मजनू का टीला इलाके में हुई जहाँ बूथ पर कांग्रेस उम्मीदवार अलका लांबा और आम आदमी पार्टी के कार्यकर्ताओं के बीच जमकर नौकझौंक हुई। मामला बढ़ता देख पुलिस ने बीच बचाव कर मामला शांत कराया।
वहीँ दिल्ली के संवेदनशील माने जाने वाले ओखला विधानसभा में शांतिपूर्ण मतदान जारी है। शाहीन बाग़ में सुबह से ही मतदाताओं की भीड़ पोलिंग बूथ पर उमड़ रही है। यहाँ पोलिंग स्टेशनों पर मतदाताओं की लंबी कतारें हैं।
ओखला विधानसभा सीट पर आम आदमी पार्टी के उम्मीदवार अमानतुल्लाह खान का मुकाबला कांग्रेस के दिग्गज परवेज़ हाशमी से हैं। इस सीट पर बीजेपी ने ब्रह्म सिंह को उम्मीदवार बनाया है।
वहीँ शाहीन बाग़ में पिछले 55 दिनों से नागरिकता कानून के खिलाफ चल रहा धरना आज भी जारी है। धरने में भाग लेने वाले लोग समूहों में वोट डालने जा रहे हैं और मतदान के बाद धरना स्थल पर लौट रहे हैं।
दिल्ली में आज 1,47,86,382 मतदाता 672 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला लिखेंगे। यहाँ मुख्य मुकाबला आम आदमी पार्टी, बीजेपी और कांग्रेस के बीच है। माना जा रहा है कि आधे से अधिक सीटों पर त्रिकोणीय मुकाबला हो रहा है।
70 विधानसभा सीटों पर मतदान के लिए कुल 13750 केंद्र बनाए गए हैं। चुनावी मुकाबले में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, भाजपा तथा कांग्रेस प्रमुख रूप से मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी 70, भाजपा 67 और कांग्रेस 66 सीटों पर चुनाव लड़ रही है।
दिल्ली में 8105236 पुरुष मतदाता है, वहीं 6680277 महिला मतदाता है। 2,32,815 मतदाता 18 से 19 साल के आयुवर्ग के हैं। दिल्ली में 132 ऐसे वोटर्स हैं जिनकी उम्र 100 साल से ज्यादा है और सबसे बुजुर्ग वोटर की उम्र 110 साल है।
दिग्गजों ने किया मतदान:
आज सुबह मतदान शुरू होने के साथ ही कई राजनैतिक दलो के नेताओं ने भी मतदान किया। राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद ने अपनी पत्नी के साथ डा राजेंद्र प्रसाद केंद्रीय विधालय पोलिंग बूथ पर मतदान किया।
कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, महासचिव प्रियंका गांधी ने लोधी स्टेट पोलिंग बूथ पर अपना वोट डाला। वहीँ पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने औरंगजेब रोड के पोलिंग बूथ पर मतदान किया।
पूर्व प्रधानमंत्री डा मनमोहन सिंह ने निर्माण भवन के पोलिंग बूथ पर वोट डाला। बीजेपी के कद्दावर नेता लाल कृष्ण आडवाणी अपनी बेटी प्रतिभा आडवाणी के साथ मतदान करने पहुंचे। वहीँ दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल अपने परिवार के साथ वोट करने पहुंचे। उप मुख्यमंत्री मनीष सिसोदिया ने पटपड़गंज में मतदान किया।