दिल्ली विधानसभा चुनाव: 4 बजे तक 42.70% मतदान, पोलिंग बूथों पर बढ़ी भीड़

नई दिल्ली। दिल्ली में विधानसभा की 70 सीटों के लिए मतदान का काम जारी है। शाम 4 बजे तक 42.70% मतदान होने की खबर है। दोपहर 12 बजे के बाद पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की तादाद में बढ़ोत्तरी हुई है। कई पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगीं हैं।
कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी से जब पूछा गया कि पार्टी दिल्ली में कैसा प्रदर्शन करेगी तो उन्होंने कहा कि कहा कि अभी से कैसे पता चलेगा कि पार्टी का प्रदर्शन कैसा रहेगा। सोनिया ने कहा कि पार्टी के प्रदर्शन के बारे में अभी से कुछ कहा नहीं जा सकता है।
केंद्रीय मंत्री पर पैसे बांटने के आरोप, चुनाव आयोग ने मांगी रिपोर्ट:
शुक्रवार शाम को केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह पर चुनाव प्रभावित करने के लिए पैसे बांटने के आरोप पर चुनाव आयोग ने जिला निर्वाचन अधिकारी से पूरी रिपोर्ट तलब की है। आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने आरोप लगाया था कि गिरिराज सिंह ने रिठाला में कुछ लोगों के बीच पैसा बांटा है।
शाहीन बाग़ में बूथों पर लंबी कतारें:
दिल्ली के संवेदनशील कहे जाने वाले ओखला विधानसभा सीट पर सुबह मतदान की गति धीमी रही। शाहीन बाग़ के पोलिंग बूथों पर 10 बजे के बाद मतदाताओं की भीड़ उमड़ी। खबर लिखे जाने तक शाहीन बाग़ के सभी पोलिंग बूथों पर मतदाताओं की लंबी कतारें लगी हुई हैं।
दिल्ली के एक करोड़ 47 लाख वोटर्स 672 उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे। चुनावी मुकाबले में सत्तारूढ़ आम आदमी पार्टी, भाजपा तथा कांग्रेस प्रमुख रूप से मैदान में हैं। आम आदमी पार्टी 70, भाजपा 67 और कांग्रेस 66 सीटों पर चुनाव लड़ रही है। दिल्ली विधानसभा चुनाव में आम आदमी पाटी,बीजेपी,कांग्रेस के उम्मीदवारों के अलावा 148 निर्दलीय उम्मीदवार इस बार मैदान में हैं।
सुरक्षा के कड़े इंतजामों के साथ ही शाहीन बाग तथा अन्य संवेदनशील मतदान केंद्रों पर अतिरिक्त सतर्कता बरती जा रही है। मतदान के लिए 13750 केंद्र बनाए गए हैं।