अमित शाह के घर तक मार्च निकाल रहे शाहीन बाग़ के प्रदर्शनकारियों को पुलिस ने वापस भेजा
नई दिल्ली। कल किये गए एलान के मुताबिक रविवार को शाहीन बाग़ के प्रदर्शनकारी गृहमंत्री अमित शाह से मिलने के लिए कूच किया तो दिल्ली पुलिस ने उन्हें समझा बुझाकर वापस भेज दिया।
इससे पहले कल प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस को पत्र लिखकर गृह मंत्री अमित शाह से मिलने के लिए उनके आवास तक मार्च निकालने की अनुमति मांगी थी।
प्रदर्शनकारियों ने पुलिस को लिखे पत्र में कहा था कि 4,000 से 5,000 प्रदर्शनकारी शाह के आवास की ओर मार्च करेंगे। पत्र में शाहीन बाग प्रदर्शनकारियों ने दिल्ली पुलिस से सरिता विहार से आश्रम होते हुए गृह मंत्री के आवास तक जाने की अनुमति मांगी थी, लेकिन आज दोपहर तक पुलिस का कोई जबाव नहीं मिलने के बाद प्रदर्शनकारियों ने शाहीन बाग़ से अपना मार्च शुरू कर दिया।
जब प्रदर्शनकारियों का मार्च आगे बढ़ रहा था तो पुलिस ने उन्हें रोक लिया। इस दौरान पुलिस के आला अधिकारीयों ने शाहीन बाग़ की दादियों को समझाया कि उन्हें गृहमंत्री अमित शाह के आवास तक मार्च निकालने की अनुमति नहीं दी गई है।
इस पर पुलिस के आला अधिकारीयों को बताया गया कि कल रात पुलिस को पत्र लिखकर मार्च निकालने की जानकारी दी गई थी। इस पर पुलिस ने समझाया कि पुलिस ने अभी उनकी मांग पर कोई फैसला नहीं लिया है।
पुलिस के आलाधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों से कहा कि गृहमंत्री अमित शाह से प्रतिनिधिमंडल के तौर पर कुछ लोग मिल सकते हैं। इस पर विचार किया जा सकता है, लेकिन प्रदर्शनकारियों ने कहा कि हम सभी मिलना चाहते हैं।
इस पर शाहीन बाग़ की दादियों ने कहा कि हम कोई ऐसा काम नहीं करेंगे जो कानून और संविधान के खिलाफ हो और वे अपना आज का मार्च स्थगित करने पर सहमत हो गईं। जिसके बाद सभी प्रदर्शनकारी वापस लौट गए।
गौरतलब है कि नागरिकता कानून के खिलाफ दिल्ली के शाहीन बाग़ सहित देश के कई शहरो में विरोध प्रदर्शनों का दौर जारी है। शाहीन बाग़ में पिछले दो महीने से अधिक समय से विरोध प्रदर्शन चल रहा है।