सद्भाव और शांति से ही देश आगे बढ़ सकता है: राहुल गांधी

थोट्टपल्ली। भारत जोड़ो यात्रा के 11वे दिन कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी ने आज एक बार फिर केंद्र की नरेंद्र मोदी सरकार और भारतीय जनता पार्टी पर सीधा हमला बोला। राहुल गांधी ने मोदी सरकार, बीजेपी और आरएसएस पर देश में नफरत फैलाने का आरोप लगाया।
राहुल गांधी ने अपने हमले जारी रखते हुए देश में मंहगाई और बेरोज़गारी का मुद्दा भी उठाया और मोदी सरकार को इसके लिए सीधा ज़िम्मेदार ठहराया। राहुल गांधी ने पेट्रोल-डीजल की कीमतों में बढ़ोत्तरी का ज़िक्र करते हुए कहा कि भारत में सबसे अधिक ईंधन की कीमतें है।
उन्होंने कहा कि पेट्रोल के दामों में लगातार बढ़ोतरी हो रही है। मैंने ऑटो चालकों और डिलीवरी करने वालों से बात की और सबने कहा कि अभी की कीमतों के हिसाब से वे अपने जीवन को कायम नहीं रख सकते।
केरल के अलाप्पुझा ज़िले के थोट्टपल्ली में एक सभा को संबोधित करते हुए कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने कहा कि नफरत से भारत के युवाओं को रोज़गार नहीं मिल सकता बल्कि सद्भाव और शांति से ही देश आगे बढ़ सकता है। घृणा, क्रोध और बेरोज़गारी में एक संबंध है… भारत जोड़ो यात्रा एक संदेश देने का काम कर रही है। पहला संदेश है कि इस देश को एक साथ खड़े रहने की ज़रूरत है।
उन्होंने कहा कि दूसरा संदेश है कि भारत के युवाओं को बेरोज़गार नहीं रख सकते। हमारे पास ऐसा देश नहीं हो सकता जिसमें हमारे युवाओं को भविष्य, दृष्टि और सपना देने की क्षमता न हो और यह शर्मनाक है कि हम अपने नौजवानों को रोज़गार नहीं दे सकते। इस बात पर कोई गर्व नहीं कर सकता।