MCD चुनाव: BJP ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों को प्रचार में उतारा

MCD चुनाव: BJP ने राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, केंद्रीय मंत्रियों, मुख्यमंत्रियों को प्रचार में उतारा

नई दिल्ली। दिल्ली में एमसीडी चुनाव में भारतीय जनता पार्टी ने प्रचार में पूरी ताकत झौंक दी है। रविवार को दिल्ली में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे पी नड्डा, कई केंद्रीय मंत्रियों, बीजेपी शासित राज्यों के मुख्यमंत्रियों के अलावा पार्टी के विधायकों और सांसदों को प्रचार में उतारा।

रविवार को बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, केंद्रीय मंत्री राजनाथ सिह, केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी, हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खटटर, हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर और उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा सरमा, पूर्व केंद्रीय मंत्री डा हर्षवर्धन और सांसद गौतम गंभीर ने रोड शो किये।

भारतीय जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे. पी. नड्डा ने संगम विहार से रोड शो किया। उन्होंने कहा, “दिल्ली की जनता केजरीवाल से ठगी हुई महसूस कर रही है, उनके साथ धोखा हुआ है। केजरीवाल की सरकार कुशासन की मूर्ति है और भ्रष्टाचार में डूबी सरकार है।

केंद्रीय मंत्री हरदीप सिंह पुरी ने जयपुर गोल्डन से मंगोलपुरी के अवंतिका चौक बाजार तक रोड शो किया। उन्होंने कहा, “पहले सब कहते थे कि यह शताब्दी एशिया की शताब्दी होगी लेकिन अब लोग कहते हैं कि यह भारत की शताब्दी होगी और इसके लिए जोड़-तोड़, रेवड़ी वाली राजनीति नहीं चल सकती।”

वहीँ हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहरलाल खटटर ने दिल्ली के नरेला में रोड शो किया। रोड शो के बाद मीडिया से बात करते हुए सीएम खट्टर ने कहा कि आज 5 प्रत्याशियों के साथ मेरा रोड शो हुआ। लोगों में उत्साह है, MCD में भाजपा की जीत होगी…. वो(AAP) सिर्फ 1047 स्कूलों पर कूदते रहते हैं, हर जगह एक स्मार्ट क्लासरूम बनाकर उसका प्रचार करते रहते हैं। हरियाणा में 14,000 स्कूल हैं।

उन्होंने नरेला में एक सभा को संबोधित करते हुए कहा कि एक धोखा अन्ना हजारे के साथ हुआ। एक दिन उन्होंने भ्रष्टाचार के ख़िलाफ़ आवाज़ उठाई जो लोगों को बहुत पसंद आई और केजरीवाल की सरकार बना दी। मुख्यमंत्री ने कहा कि पीठ में छुरा घोंपने वाला यह आदमी (अरविंद केजरीवाल), अन्ना हजारे के पीठ में छुरा घोंप कर उनको वापस भेज दिया और खुद क़ाबिज़ होकर बैठ गया। इसकी कुछ काबिलियत नहीं है सरकार में आने की। यह सरकार में राजनीति करता है लेकिन राज करना नहीं आता।

उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने शांति मार्ग से श्री राम चौक मंडावली तक ‘विजय संकल्प रोड शो’ किया। धामी ने कहा कि आज रोड शो के कार्यक्रम में यहां के लोगों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया है। यहां एकतरफा भाजपा जीतने वाली है। जनता ने झूठ फरेब की राजनीति को, भ्रष्टाचार को देखा है और दूसरी तरफ PM मोदी के कामों को भी देखा है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital