ममता बनर्जी के दिल्ली दौरे के पहले ही दिन कई नेता तृणमूल कांग्रेस में शामिल

ममता बनर्जी के दिल्ली दौरे के पहले ही दिन कई नेता तृणमूल कांग्रेस में शामिल

नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी के दिल्ली दौरे के पहले ही दिन आज कई दलों के नेता तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए। इनमे जनता दल यूनाइटेड के पवन वर्मा, कांग्रेस नेता और पूर्व सांसद कीर्ति आज़ाद और हरियाणा में कांग्रेस के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष अशोक तंवर शामिल हैं।

अशोक तंवर ने कहा कि आज देश में एकमात्र नेतृत्व ममता बनर्जी का है जो भाजपा को हरा सकती हैं। ममता बनर्जी ने बंगाल चुनाव में भाजपा को मज़बूत शिकस्त दी। विपक्ष को भी एक जुट होकर 2024 में भाजपा को हराने की ज़रूरत है।

अशोक तंवर हरियाणा कांग्रेस के अध्यक्ष थे. 2019 के हरियाणा विधानसभा चुनाव में अशोक तंवर ने टिकट वितरण के लिए पैसों के लेनदेन का आरोप लगाया था, जिसके बाद वह पार्टी से अलग हो गया थे. इसी साल फरवरी में उन्होंने ‘अपना भारत मोर्चा’ नाम की पार्टी बनाई थी।

इस अवसर पर पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कहा कि अशोक तंवर आज तृणमूल में शामिल हुए हैं। अशोक तंवर जितनी जल्दी मुझे हरियाणा बुलाएंगे उतनी जल्दी मैं जाऊंगी। हरियाणा दूर नहीं है, मेरे घर के नज़दीक है। राज्य के बिना केंद्र आगे नहीं बढ़ सकता, केंद्र को राज्य को साथ लेकर ही चलना होगा।

कीर्ति आज़ाद ने कहा कि ममता बनर्जी के नेतृत्व में मैं उनके साथ काम करूंगा। आज देश को ममता बनर्जी जैसे व्यक्तित्व की आवश्यकता है। जो देश को एक नई और सही दिशा दिखा सकें। दीदी ने ज़मीन पर उतरकर लड़ाई लड़ी है।

उन्होंने कहा कि देश को एक नेता की जरुरत है जो देश को सही दिशा में ले जाए। देश में आज विभाजन की राजनीति हो रही है। मैं ममता बनर्जी की नेतृत्व में काम करना चाहता हूं। देश को सही दिशा में ले जाने की ममता में क्षमता है।

आज़ाद ने कहा कि मैं अब दीदी के नेतृत्व में ही रिटायर होउंगा। उन्होंने कहा कि मैं खिलाड़ी हूं, मेरी कोई जाति नहीं है, मेरा कोई धर्म नहीं है। मैं ममता दीदी के नेतृत्व को मजबूत करूंगा।

कीर्ति आजाद कांग्रेस से पहले बीजेपी में थे और 2014 के लोकसभा चुनाव में संसद पहुंचे थे। उन्हें पार्टी विरोधी गतिविधियों के कारण उन्हें निलंबित कर दिया गया था और वे 2018 में वह कांग्रेस में शामिल हुए थे।

वहीँ इसी श्रंखला में मंगलवार को तृणमूल कांग्रेस में शामिल हुए जेडीयू नेता और राज्यसभा सांसद पवन वर्मा ने तृणमूल कांग्रेस की सदस्यता ग्रहण करने के बाद कहा कि जिस तरह से ममता बनर्जी बंगाल में काम कर रही हैं, उसे देखते हुए मैंने टीएमसी में शामिल होने का फैसला लिया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital