ख़ुशी दुबे की मां का नाम मतदाता सूची से गायब, अब बहिन लड़ेगी चुनाव

ख़ुशी दुबे की मां का नाम मतदाता सूची से गायब, अब बहिन लड़ेगी चुनाव

लखनऊ ब्यूरो। कांग्रेस से उम्मीदवार घोषित की जा चुकी ख़ुशी दुबे की मां गायत्री तिवारी का नाम मतदाता सूची से गायब मिलने के बाद कांग्रेस ने कानपुर की कल्याणपुर विधानसभा सीट पर अब ख़ुशी दुबे की बहिन नेहा तिवारी को उम्मीदवार घोषित किया है।

मतदाता सूची में नाम नहीं मिलने को लेकर ख़ुशी दुबे की मां गायत्री तिवारी का कहना है कि वह हर चुनाव में मतदान करती आई है। उसका नाम वोटर लिस्ट में था, लेकिन आज जब नामांकन से पहले वोटर लिस्ट देखी तो उसका नाम लिस्ट से नदारद मिला है। उन्होंने कहा कि संभवतः यह उन्हें चुनाव लड़ने से रोकने की कोशिश है।

मंगलवार को कांग्रेस द्वारा जारी की गई उमीदवारो की सूची में कल्याणपुर सीट से खुशी दुबे की मां की जगह उनकी बहन नेहा तिवारी को उम्मीदवार बनाया गया है। इसके अलावा, पीलीभीत से शकील अहमद नूरी, शाहबाद से अजीमुश्हान, तिंदवारी से आदिशक्ति दीक्षित को टिकट दिया गया है।

तीसरे चरण के चुनाव के लिए मंगलवार को नामांकन प्रकिया के अंतिम दिन खुशी दुबे की बहन नेहा तिवारी ने समर्थकों संग पहुंचकर नामांकन दाखिल किया। उन्होंने सभी नियमों का पालन करते हुए नामांकन दाखिल किया।

गौरतलब है कि कानपुर के चौबेपुर थाना क्षेत्र के बिकरू गांव में 2 जुलाई 2020 को गैंगस्टर विकास दुबे और पुलिसकर्मियों के बीच हुए मुठभेड़ में आठ पुलिसकर्मियों की मौत हो गई थी। इस एनकाउंटर में खुशी दुबे को सह आरोपी बनाया गया है। खुशी दुबे की शादी अमर दुबे के साथ हुई थी, जिसे पुलिस ने एनकाउंटर में मार गिराया था।

TeamDigital