केसीआर की राष्ट्रीय राजनीति में कूदने की तैयारी, पार्टी का नाम भी बदला

केसीआर की राष्ट्रीय राजनीति में कूदने की तैयारी, पार्टी का नाम भी बदला

हैदराबाद। तेलंगाना के मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने अब अपनी पार्टी तेलंगाना राष्ट्र समिति को राष्ट्रीय राजनीति से जोड़ने की कवायद शुरू कर दी है। के चंद्रशेखर राव (केसीआर) ने अपनी पार्टी का नाम भी बदल कर तेलंगाना राष्ट्र समिति की जगह भारत राष्ट्र समिति करने का एलान किया है।

2024 के लोकसभा चुनाव से पहले बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार द्वारा विपक्ष को एकजुट करने के प्रयासों के बीच चंद्रशेखर राव ने बड़ा दांव चलते हुए अपनी पार्टी को क्षेत्रीय स्तर से राष्ट्रीय स्तर की बनाने का फैसला किया है।

बुधवार को टीआरएस के अध्यक्ष और तेलंगाना के मुख्यमंत्री के. चंद्रशेखर राव ने तेलंगाना भवन में पार्टी की आम सभा की बैठक को संबोधित किया। बैठक को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री के चंद्रशेखर राव ने पार्टी का नाम बदलने का भी एलान किया।

उन्होंने कहा कि अब हमे केवल तेलंगाना तक सीमित नहीं रहना बल्कि अन्य राज्यों में भी अपनी पहुंच बनानी है। अन्य राज्यों में भी अपना संगठन खड़ा करना है और चुनाव लड़ना है।

इससे पहले तेलंगाना राष्ट्र समिति की बैठक में पार्टी का नाम बदलने को लेकर एक प्रस्ताव पारित किया गया। प्रस्ताव में कहा गया कि तेलंगाना राष्ट्र समिति (TRS) का नाम बदलकर ‘भारत राष्ट्र समिति’ (BRS) कर दिया गया है।

जेडीएस से गठबंधन:

इस बीच जनता दल सेकुलर के नेता और कर्नाटक के पूर्व मुख्यमंत्री एच डी कुमारस्वामी ने अपने ट्विटर हैंडलर से ट्वीट कर कहा है कि जनता दल सेकुलर(JDS) और भारत राष्ट्र समिति (BRS) 2023 कर्नाटक विधानसभा चुनाव और 2024 लोकसभा चुनावों में केरल, तमिलनाडु, तेलंगाना और आंध्र प्रदेश राज्यों में मिलकर काम करेंगी।

TeamDigital