देशभर में स्वतंत्रता दिवस की धूम, किसानो ने गाज़ीपुर बॉर्डर पर फहराया तिरंगा

देशभर में स्वतंत्रता दिवस की धूम, किसानो ने गाज़ीपुर बॉर्डर पर फहराया तिरंगा

नई दिल्ली। देश के 75 वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर देशभर में ध्वजारोहण कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कृषि कानूनों के खिलाफ आंदोलन कर रहे किसनो ने यूपी के गाज़ीपुर बॉर्डर पर तिरंगा फहराया। वहीँ हरियाणा में किसानों ने कुरुक्षेत्र में तिरंगा यात्रा निकाली।

कांग्रेस पार्टी की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर पार्टी मुख्यालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस दौरान कांग्रेस नेता राहुल गांधी भी मौजूद रहे। वहीँ भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष जे.पी. नड्डा ने पार्टी मुख्यालय पर राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने 75वें स्वतंत्रता दिवस पर सचिवालय में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर अपने संबोधन में केजरीवाल ने कहा कि 27 सितंबर से दिल्ली के सभी सरकारी स्कूलों में देश भक्ति पाठ्यक्रम लागू किया जाएगा, ये हम लोगों की शहीद भगत सिंह के प्रति श्रद्धांजलि है।

हरियाणा के मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर ने फरीदाबाद में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। इस अवसर पर अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि अब 15 अगस्त हमारे लिए सिर्फ एक तारीख नहीं है। इससे केवल हमारी आज़ादी नहीं जुड़ी है बल्कि हमारा आत्मसम्मान और स्वाभिमान भी जुड़ गया है। ये हमारे लिए बहुत गर्व और गौरव का दिन है।

पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी ने कोलकाता में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। ममता बनर्जी ने सांप्रदायिक सद्भाव बनाये रखने और समाज विरोधी ताकतों के खिलाफ एकजुट होने का आह्वान किया।

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कहा है कि प्रधानमंत्री ने आज लाल क़िले की प्राचीर से देश के सामने अगले 25 वर्षों तक के लिए कई संकल्प रखे, जिनकी पूर्ति के लिए ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ ज़रूरी है। एक सक्षम, शक्तिशाली और आत्मनिर्भर भारत के लिए पूरा देश संकल्पबद्ध होकर आगे बढ़ेगा।

लाल किले से पीएम मोदी के भाषण का हवाला देते हुए उन्होंने कहा कि अपने सम्बोधन में उन्होंने रक्षा, कृषि, ऊर्जा, महिला सशक्तिकरण से सम्बंधित कई बड़ी बातें रखीं, जिनपर काम शुरू हो चुका है। बच्चियों को सभी सैनिक स्कूलों में दाख़िला देने काम शुरू होने जा रहा है। एयरक्राफ़्ट कैरियर विक्रांत भी इसी 75वें वर्ष में नौसेना में शामिल होगा।

उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने लखनऊ में ध्वजारोहण किया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि देश की स्वाधीनता के बाद देश की बाह्य और आतंरिक सुरक्षा को सुदृढ़ बनाए रखने और भारत के नागरिकों को सुरक्षित माहौल प्रदान करने वाले भारत के सभी वीर जवानों जिन्होंने देश में विभिन्न युद्धों में अपना बलिदान दिया, मैं उन सभी जवानों को विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं।

महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री उद्धव ठाकरे ने मुंबई में ध्वजारोहण किया। वहीँ तमिलनाडु के मुख्यमंत्री एम.के. स्टालिन ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर चेन्नई में राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ प्रमुख मोहन भागवत ने 75वें स्वतंत्रता दिवस के मौके पर मुंबई के आईईएस राजा शिवाजी स्कूल में राष्ट्रीय ध्वज फहराया। उन्होंने अपने संबोधन में कहा कि स्वतंत्र देश को स्वनिर्भर होना है, हम जितना स्वनिर्भर होंगे उतना सुरक्षित रहेंगे। आर्थिक सुरक्षा पर बाकी सारी सुरक्षाएं निर्भर हैं।

बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने पटना में ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि आज का दिन हम सभी भारतवासियों के लिए गौरव का दिन है। राष्ट्र भक्तों के साहस, त्याग और बलिदान के फलस्वरूप हमारा देश आज़ाद हुआ। मैं उन वीर जवानों का भी नमन करता हूं जो बहादुरी से देश के सरहदों की सुरक्षा कर रहे हैं। उनके बलिदान को कभी भुलाया नहीं जा सकता।

मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान ने भोपाल में ध्वजारोहण किया। उन्होंने कहा कि आज आनंद, उत्सव और देशभक्ति के रंग में रंग जाने का दिन है। हमारे लिए देश एक धरती का टुकड़ा नहीं भारत मां है। हम जिएंगे तो इसके लिए और कभी मरना पड़ा तो मरेंगे भी इसके लिए।

इसके अलावा भी राजस्थान, झारखंड, छत्तीसगढ़, कर्णाटक, आंध्र प्रदेश, ओडिशा, मिजोरम, असम, तेलंगाना, केरल सहित अन्य राज्यों में भी देश के 75 वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर ध्वजारोहण कार्यक्रम आयोजित किये गए।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital