अगले दस दिनों में 5000 स्थानों पर शुरू हो जायेंगे शाहीन बाग जैसे आंदोलन : चंद्रशेखर

अगले दस दिनों में 5000 स्थानों पर शुरू हो जायेंगे शाहीन बाग जैसे आंदोलन : चंद्रशेखर

नई दिल्ली। दिल्ली के शाहीन बाग़ में चल रहे नागरिकता कानून के विरोध में चल रहे प्रदर्शन में भाग लेने पहुंचे भीम आर्मी प्रमुख चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि आपने इतिहास में जालियां वाला बाग़ सुना होगा, अब शाहीन बाग़ भी याद रखा जाएगा।

चंद्रशेखर ने कहा कि शाहीन बाग़ का आंदोलन पूरी तरह गैर राजनैतिक है और यह आम जनता के मकसद के लिए हैं। उन्होंने कहा कि ऐसे आंदोलन बार बार नहीं होते।

कोर्ट से अनुमति मिलने के बाद दिल्ली पहुंचे चंद्रशेखर आज़ाद ने कहा कि नागरिकता कानून के विरोध में अन्य कई जगह भी शाहीन बाग़ जैसे आंदोलन शुरू हो चुके हैं। उन्होंने कहा कि सीएए के खिलाफ अगले दस दिन में देश में कम से कम 5000 जगह ऐसे आंदोलन शुरू होंगे।

भीम आर्मी चीफ ने कहा कि आज नागरिकता कानून के खिलाफ हमारी माताएं और बहिने सडक पर उतरी हैं। उनकी मेहनत बेकार नहीं जायेगी। अंत में सच्चाई और संविधान की जीत होगी।

उन्होंने कहा कि वर्ष 1947 में बाबा साहब आंबेडकर हिंदू कोर्ट बिल लेकर आए थे, जिससे महिलाओं को अधिकार मिले। उनके दिल में कोई लालच नहीं था। उनका सपना था कि महिलाएं देश का नेतृत्व करें और आज हम देख रहे हैं कि महिलाओं ने मोर्चा संभाल रखा है।

चंद्रशेखर ने कहा कि दुनिया की बात सुनते हैं, हमारी बहनों की बात क्यों नहीं सुनते, हमेशा सच्चाई की जीत होती है और हमारी मेहनत जरूर कामयाब होगी। उन्होंने कहा कि सीएए संविधान विरोधी है। जब तक इस देश में भीम आर्मी और चंद्रशेखर है, तब तक देश में सीएए जो देश को धर्म के आधार पर बांटने वाला कानून है, उसे लागू नहीं होने देंगे।

उन्होंने मोदी सरकार की अंग्रेजी हुकूमत से तुलना करते हुए कहा कि यह गूंगी-बहरी सरकार को जगाने के लिए आज लाखों मां-बहनें सड़क पर उतर गई हैं। पहले भी हमने जन आंदोलन में अंग्रेजों को भगाया था और अब काले अंग्रेजों को भगाएंगे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital