प्रियंका का एलान: पीड़ित परिवारों से मिले बिना नहीं ग्रहण करूंगी अन्न-जल
लखनऊ ब्यूरो। लखीमपुर कांड के पीड़ित परिवारों से मिलने जा रही कांग्रेस की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी को सीतापुर में हिरासत लिए जाने के बाद प्रियंका गांधी ने एलान किया है कि वे पीड़ित परिवारों से मिले बिना अन्न-जल ग्रहण नहीं करेंगी।
प्रियंका गांधी को सोमवार तड़के सुबह सीतापुर के हरगांव में उस समय हिरासत में ले लिया था, जब वे लखीमपुर खीरी की तरफ जा रही थीं। पुलिस प्रियंका गांधी को हिरासत में पीएसी लाइन ले गई।
पुलिस हिरासत में लिए जाने के बाद कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी उपवास पर बैठ गई हैं। उन्होंने कहा कि जब तक पीड़ित किसानों के परिवारों से नहीं मिलूंगी, अन्न जल ग्रहण नहीं करूंगी। उन्होंने कहा कि मैं किसानों से मिले बिना वापस नहीँ जाऊंगी।
प्रियंका के साथ पार्टी के सांसद दीपेंद्र हुड्डा, आराधना मिश्रा मोना, दीपक सिंह, नसीमुद्दीन सिद्दीकी मौजूद हैं। प्रियंका गांधी को हिरासत में लिए जाने के बाद का एक वीडियो भी वायरल हो रहा है, जिसमे वे अपने कमरे में झाड़ू लगाती दिख रही हैं।
गौरतलब है कि लखीमपुर खीरी जिले के तिकोनिया इलाके में विरोध प्रदर्शन करने वाले किसानो पर केंद्रीय गृह राज्य मंत्री अजय मिश्रा के बेटे द्वारा कार चढ़ाये जाने से ने रविवार को तब हिंसक रूप ले लिया जब प्रदर्शन के दौरान ही गोलीबारी और आगजनी होने लगी। इस घटना में 8 लोगों की मौत होने और 15 लोगों के घायल होने की खबर है।
