गुजरात के डिप्टी सीएम मिले कोरोना संक्रमित, अमित शाह के साथ हुए थे कार्यक्रम में शामिल
अहमदाबाद। गुजरात के उप मुख्यमंत्री नितिन भाई पटेल कोरोना संक्रमित पाए गए हैं। उन्होंने खुद ट्वीट कर यह जानकारी दी है। नितिन पटेल अभी एक दिन पहले ही शुक्रवार को केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह के साथ अहमदाबाद में कार्यक्रम में शामिल हुए थे।
शनिवार को नितिन पटेल ने अपने कोरोना संक्रमित होने की जानकारी देते हुए ट्वीट किया, ‘मेरे कोरोना पॉजिटिव होने की पुष्टि हुई है. आरटी-पीसीआर टेस्ट में कोरोना संक्रमित होने का पता चला है। चिकित्सकों की सलाह पर मुझे यूएन मेहता हॉस्पीटल में एडमिट कराया गया है। मैं उन लोगों से आग्रह करता हूं जो मेरे संपर्क में आए हैं, सभी अपना ध्यान रखें।’
गौरतलब है कि गृह मंत्री अमित शाह दो दिनों के दौरे पर गुजरात में थे। अहमदाबाद में कोरोना के लिए बनाये गए अस्पताल डेडिकेटेड कोविड-19 बेड उद्घाटन तथा ऑक्सीजन प्लांट उद्घाटन के दौरान भी नितिन पटेल गृह मंत्री अमित शाह के साथ मौजूद थे।
वहीँ शनिवार को भी देश में कोरोना संक्रमित नए मामलो की तादाद तीन लाख से अधिक की दर्ज की गई। स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण मंत्रालय के आंकड़ों के मुताबिक, पिछले 24 घंटे में भारत में 3,46,786 नए मामले रिपोर्ट हुए हैं। इस दौरान 2,624 लोगों की संक्रमण से मौत हुई है। अब देश में कोरोना संक्रमण के कुल एक्टिव केस 25,52,940 हो गए हैं।
