होलिका दहन पर किसानो ने जलाई कृषि कानूनों की प्रतियां
नई दिल्ली। आज होली के अवसर पर किसानो ने होलिका दहन में कृषि कानूनों की प्रतियां जलाकर अपना विरोध जारी रखा। होलिका दहन के मौके पर गाज़ीपुर बॉर्डर पर आंदोलन कर रहे किसानों ने नए कृषि क़ानून की प्रतियां जलाई।
भारतीय किसान यूनियन के नेता राकेश टिकैत ने कहा, “हम MSP की बात कर रहे हैं। हम पूरे देश में जाकर किसानों को संगठित कर रहे हैं। आंदोलन जारी रहेगा।”
किसानो ने पहले से तय कार्यक्रम के मुताबिक सिंघु बॉर्डर, टिकरी बॉर्डर और गाज़ीपुर बॉर्डर पर आज कृषि कानूनों की प्रतियां जलाकर होलिका दहन किया। वहीँ देश के कई राज्यों पंजाब, हरियाणा और और पश्चिमी उत्तर प्रदेश में भी किसानो द्वारा कृषि कानूनो की प्रतियां जलाये जाने की ख़बरें आ रही हैं।
कृषि कानूनों के खिलाफ पिछले 122 दिनों से किसान आंदोलन जारी है। संयुक्त किसान मोर्चे के नेताओं का कहना है कि जब तक कृषि कानून वापस नहीं हो जाते और एमएसपी के लिए कानून नहीं बनाया जाता तब तक किसान आंदोलन जारी रहेगा।
अभी हाल ही में जयपुर में आयोजित किसान पंचायत में किसान नेता राकेश टिकैत ने किसानो का आह्वान किया था कि वे दिल्ली चलने के लिए अपने ट्रेक्टर तैयार रखें। टिकैत ने कहा था कि संयुक्त किसान मोर्चा कभी भी दिल्ली चलने का एलान कर सकता है।
टिकैत ने आगे कहा कि एक बार फिर ट्रेक्टर दिल्ली जाएंगे और इस बार हम मंडी के बाहर फसल बेच कर दिखाएंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री ने कहा कि किसान अपनी फसल कहीं भी बेच सकता है इसलिए हम संसद के बाहर मंडी शुरू करेंगे और अपनी फसल बेचेंगे।
