कॉपीराइट मामला: “भारत जोड़ो यात्रा” के ट्विटर हेंडल पर अस्थाई रोक

कॉपीराइट मामला: “भारत जोड़ो यात्रा” के ट्विटर हेंडल पर अस्थाई रोक

मुंबई। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा अब से कुछ देर में महाराष्ट्र में प्रवेश करेगी। कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा के महाराष्ट्र में प्रवेश से पहले देगलूर-नांदेड़ में व्यापक तैयारियां की गईं।

कांग्रेस नेता अशोक चव्हाण ने बताया, “यहां काफी भीड़ आई है। राहुल गांधी छत्रपति शिवाजी महाराज को अभिवादन करेंगे। आदित्य ठाकरे 9 नवंबर को शायद यात्रा में हिस्सा लें।”

इस बीच कॉपीराइट मामले में भारत जोड़ो यात्रा के ट्विटर हेंडल पर रोक लगाई गई है। यह रोक भारत जोड़ो यात्रा के दौरान सोशल मीडिया पर शेयर किये गए वीडियो में सुपरस्टार यश की फिल्म ‘केजीएफ’ के म्यूजिक के इस्तेमाल को लेकर लगाई गई है।

दरअसल कांग्रेस द्वारा भारत जोड़ो यात्रा के लिए तैयार किये गए वीडियोज में फिल्म के गानों के इस्तेमाल के खिलाफ म्यूजिक कंपनी ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई है। यह शिकायत भारत जोड़ो यात्रा का नेतृत्व कर रहे पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के अलावा कांग्रेस की सोशल मीडिया हैड सुप्रिया श्रीनेत तथा एक अन्य नेता के खिलाफ कराई गई है।

इस शिकायत पर बेंगलूरु में धारा 403 (संपत्ति का बेईमानी से हेराफेरी), 465 (जालसाजी के लिए सजा), 120 धारा 403, 465 और 120बी आर/डब्ल्यू धारा 34 और सूचना प्रौद्योगिकी अधिनियम, 2000 की धारा 66 के तहत और धारा 63 कॉपीराइट अधिनियम, 1957 के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है।

इस मामले में एमआरटी म्यूजिक की तरफ से कोर्ट में दायर की गई याचिका में कहा गया कि कांग्रेस की तरफ से एमआरटी म्यूजिक की अनुमति/लाइसेंस नहीं मांगा गया था।

बेंगलुरु की एक अदालत ने याचिका पर सुनवाई करते हुए भारत जोड़ो यात्रा का ट्विटर हेंडल ब्लॉक किये जाने का आदेश दिया। कोर्ट ने कहा कि याचिका कर्ता द्वारा प्रथम दृष्टया पेश किए गए सबूतों के बाद भी अगर साउंड रिकॉर्ड के कथित अवैध उपयोग को प्रोत्साहित किया गया तो इससे बड़े पैमाने पर कॉपीराइट उल्लंघन को बढ़ावा मिलेगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital