राजस्थान में हो रहे उपचुनाव को लेकर सचिन पायलट का दावा, तीनो सीटें जीत रही कांग्रेस

राजस्थान में हो रहे उपचुनाव को लेकर सचिन पायलट का दावा, तीनो सीटें जीत रही कांग्रेस

नई दिल्ली। राजस्थान में तीन सीटों पर हो रहे उपचुनाव को लेकर राजस्थान के पूर्व उप मुख्यमंत्री सचिन पायलट का बड़ा बयान सामने आया है। सचिन पायलट ने कहा कि उपचुनाव वाली तीनो सीटें कांग्रेस जीत रही है।

उन्होंने कहा कि तीनों जगह जो उप चुनाव हो रहे हैं वहां कांग्रेस पार्टी जीतेगी। हम सरकार का काम जनता तक लेकर गए हैं। भाजपा में जो बिखराव और टकराव है जनता उससे बहुत नाखुश है। वे एक सक्रिय और मजबूत विपक्ष की भूमिका निभाने में नाकाम रहे।

गौरतलब है कि मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ मतभेद के बावजूद सचिन पायलट ने कांग्रेस के लिए उपचुनाव वाली तीनो सीटों पर जमकर पसीना बहाया है। हालांकि यह भी कहा जा रहा है कि उपचुनाव के परिणाम अशोक गहलोत सरकार के कामकाज पर जनता का आंकलन होंगे।

मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के साथ मतभेद के बावजूद सचिन पायलट का पॉजिटिव बयान कांग्रेस की मजबूती से जोड़कर देखा जा रहा है। राजस्थान में कांग्रेस के भीतर मतभेद के बाद सचिन पायलट को पार्टी ने जहां जहां ज़िम्मेदारी सौंपी है, उन्होंने अपनी भूमिका अदा की है।

सचिन पायलट ने मध्य प्रदेश में 28 सीटों के उपचुनाव के प्रचार में भी बड़ी भूमिका निभाई थी। उन्होंने राजस्थान से सटी उपचुनाव वाली कई सीटों पर सभाएं भी की थीं।

गौरतलब है कि राजस्थान में तीन विधानसभा सीटों पर उपचुनाव हो रहे हैं। इनमे सुजानगढ़, सहाड़ा और राजसमंद शामिल हैं। पार्टी ने सुजानगढ़ में मनोज कुमार मेघवाल, सहाड़ा सीट पर गायत्री देवी और राजसमंद में बोहरा को उम्मीदवार बनाया है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital