मुंबई में उत्तर भारतीय चौपाल करके बीजेपी की चौपाल का जबाव देगी कांग्रेस

मुंबई में उत्तर भारतीय चौपाल करके बीजेपी की चौपाल का जबाव देगी कांग्रेस

मुंबई। मुंबई भारतीय जनता पार्टी द्वारा आयोजित की जा रही चौपाल के जबाव में कांग्रेस ने उत्तर भारतीय चौपाल के आयोजन का फैसला किया है। बता दें कि मुंबई में अगले साल फरवरी में नगर निकाय बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) के चुनाव होने हैं।

भाजपा ने उत्तर भारतीय चौपाल शुरू की है तो कांग्रेस ने भी मंगलवार को उत्तर भारतीय पंचायत शुरू करने की घोषणा की है। इसके जबाव में मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष भाई जगताप ने कहा कि उत्तर भारतीय पहले से ही कांग्रेस के समर्थक हैं और कांग्रेस में ही उन्हें उचित सम्मान मिला है।

मुंबई में करीब 40 लाख मतदाता उत्तर भारतीय हैं। ऐसे में कई इलाको में उत्तर भारतीय मतदाता निर्णायक भूमिका अदा करते हैं। कांग्रेस और बीजेपी दोनों ही उत्तर भारतीय मतदाताओं को रिझाने में अभी से जुट गए हैं।

मुंबई कांग्रेस के अध्यक्ष भाई जगताप ने उत्तर भारतीय पंचायत की घोषणा करते हुए कहा कि उत्तर भारतीयों को कांग्रेस में ही सम्मान मिला है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस ने उत्तर भारतीय समाज के लोगों को मंत्री, महापौर, बीएमसी में विपक्ष का नेता बनाया और मुंबई कांग्रेस अध्यक्ष पद पर भी बैठाया। जबकि भाजपा ने किसी भी उत्तर भारतीय को जिम्मेदार पद पर कभी नहीं बैठाया।

भाई जगताप ने एक सवाल के जवाब में कहा कि भले ही कांग्रेस के कई नेता पार्टी छोड़कर जा चुके हैं, लेकिन उत्तर भारतीय समाज अब भी कांग्रेस के साथ है। इसलिए उन्हें पूरा भरोसा है कि बीएमसी चुनाव में एक बार फिर उत्तर भारतीय समाज कांग्रेस के साथ खड़ा होगा।

वहीं, युवक कांग्रेस नेता सूरज सिंह ठाकुर ने कहा कि मुंबई के सभी 36 विधानसभा सीटों के हर वार्ड में उत्तर भारतीय पंचायत होगी। इससे समाज के हर तबके को कांग्रेस से जुड़ने का अवसर मिल सकेगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital