12 मार्च को अहमदाबाद से गांधी संदेश यात्रा शुरू करेगी कांग्रेस

नई दिल्ली। कांग्रेस की स्थापना के 90 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में कांग्रेस 12 मार्च को गुजरात के अहमदाबाद से गांधी संदेश यात्रा का आरंभ करेगी।
इस यात्रा में कांग्रेस की अंतरिम अध्यक्ष सोनिया गांधी, पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी के अलावा पार्टी के वरिष्ठ नेता शामिल होंगे।
12 मार्च से शुरू होने वाली गांधी संदेश पदयात्रा यात्रा 27 दिनों तक चलेगी और अगले महीने 06 अप्रेल को गुजरात के डांडी में समाप्त होगी। यात्रा की समाप्ति के अवसर पर एक सभा का भी आयोजन किया जाएगा।
पार्टी सूत्रों के मुताबिक इस यात्रा में कांग्रेस के वरिष्ठ नेताओं पूर्व पीएम डा मनमोहन सिंह, एके एंटनी, पी चिदंबरम, मल्लिकार्जुन खड़के, अहमद पटेल, गुलाम नबी आज़ाद, के सी वेणुगोपाल, आनंद शर्मा, शक्ति सिंह गोहिल, ज्योतिरादित्य सिंधिया, रणदीप सिंह हुड्डा, कुमारी शैलजा, मनीष तिवारी, सुष्मिता देव के अलावा कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, कमलनाथ, भूपेश बघेल और कैप्टेन अमरिंदर सिंह भी मौजूद रहेंगे।
सूत्रों के मुताबिक गुजरात प्रदेश कांग्रेस कमेटी गांधी संदेश यात्रा के लिए सभी आवश्यक इंतजामों को अंतिम रूप दे रही है। यात्रा को सफल बनाने के लिए एक कोर्डिनेशन कमेटी बनाई गई है। इस कमेटी में गुजरात कांग्रेस से जुड़े वरिष्ठ नेताओं और पार्टी के विधायकों को शामिल किया गया है।