75वें स्वतंत्रता दिवस पर ‘जय भारत महासंपर्क’ अभियान से प्रियंका फूंकेंगी चुनावी बिगुल

75वें स्वतंत्रता दिवस पर ‘जय भारत महासंपर्क’ अभियान से प्रियंका फूंकेंगी चुनावी बिगुल

नई दिल्ली। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने न सिर्फ संगठन के नट बोल्ट कसने शुरू कर दिए हैं वहीँ पार्टी देश के 75वे स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर 75 घंटे का जय भारत महासंपर्क अभियान भी चलायेगी। इस महा अभियान की कमान खुद कांग्रेस की प्रभारी महासचिव प्रियंका गांधी संभालेंगी।

कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू ने गुरुवार को आयोजित प्रेस कांफ्रेंस में बताया कि 75वें स्वतंत्रता दिवस पर कांग्रेस पूरे प्रदेश में 75 घंटे का ‘जय भारत महा संपर्क’ अभियान चलाएगी। यह अभियान 19 से 21 अगस्त तक चलाया जाएगा। इस दौरान कांग्रेस पार्टी 90 लाख लोगों से संपर्क करेगी।

प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि आजादी की 75वीं वर्षगांठ के मौके पर कांग्रेस नेता और कार्यकर्ता 30 हजार ग्राम सभाओं में प्रवास करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रियंका गांधी के निर्देश में जय भारत महा संपर्क अभियान चलाया जाएगा।

पूरे कार्यक्रम की जानकारी देते हुए प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष और विधायक अजय कुमार लल्लू ने बताया कि पहले दिन मेरा गांव, मेरा देश संवाद कार्यक्रम होगा, जिसके तहत पार्टी कार्यकर्ता गांव में चौपाल लगाएंगे। वे प्रत्येक ग्राम सभा में जाएंगे और किसानों -लोगों के जीवन में आ रही समस्याओं पर बात करेंगे।

अजय कुमार लल्लू ने बताया कि अभियान के दूसरे दिन 20 अगस्त को पूर्व प्रधानमंत्री स्व राजीव गांधी का जन्मदिन है। इस दिन पार्टी के कार्यकर्ता करीब 30 हजार ग्राम सभाओं में जाएंगे। इस दौरान वे स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और वरिष्ठ नागरिकों का सम्मान करेंगे। इस दौरान कांग्रेस कार्यकर्ता लोगों को शपथ दिलाएंगे तथा लोगों को मौजूदा सरकार की गलत नीतियों के बारे में बताएगी।

अजय कुमार लल्लू के मुताबिक, जय भारत महासंपर्क अभियान के तीसरे दिन श्रमदान का कार्यक्रम चलाया जाएगा। इस दिन कांग्रेस के कार्यकर्ता लोग गांव में मिलकर श्रमदान करेंगे।

उत्तर प्रदेश कांग्रेस के अध्यक्ष अजय कुमार लल्लू की प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान मीडिया विभाग के चेयरमैन नसीमुद्दीन सिद्दीकी जी, मीडिया संयोजक ललन कुमार, प्रदेश उपाध्यक्ष सोहेल अख्तर अंसारी, पूर्व सांसद राजा रामपाल, प्रवक्ता अशोक सिंह समेत कांग्रेस पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital