कृषि मंत्री के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, घोषणा पत्र फिर से पढ़ने की सलाह

कृषि मंत्री के बयान पर कांग्रेस का पलटवार, घोषणा पत्र फिर से पढ़ने की सलाह

नई दिल्ली। कांग्रेस ने केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तौमर के उस बयान पर पलटवार किया है जिसमे उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस ने अपने चुनाव घोषणा पत्र में इन्ही कृषि कानूनों को लाने की बात कही थी।

कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला ने कहा कि ‘जहां तक कांग्रेस के घोषणापत्र का प्रश्न है। कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर उसे फिर पढ़ें। कांग्रेस ने उसमें कहा था कि अभी जो देश में 12 हजार के करीब जो देश में मंडियां हैं वे नाकाफी हैं, हर बड़े गांव पर एक अनाज मंडी बननी चाहिए। बरगलाना बंद कीजिए।’

गौरतलब है कि कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तौमर ने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी का नाम लेकर कांग्रेस पर किसानो को गुमराह करने का आरोप लगाया है। उन्होंने कहा कि ‘राहुल गांधी को गांव, गरीब, किसान के बारे में कोई अनुभव और दर्द नहीं है। राहुल गांधी को सोचना चाहिए कि जब आपने अपने घोषणापत्र में इन्हीं कानूनों(कृषि कानूनों) को लाने के लिए कहा था तो आप उस समय झूठ बोल रहे थे या आज झूठ बोल रहे हैं।’

उन्होंने पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी पर आरोप लगाते हुए कहा कि राहुल गांधी किसानों को गुमराह करने और देश में अराजकता का वातावरण बनाने की कोशिश ना करें। उनकी इन्हीं आदतों और ऐसी हल्की समझ की वजह से वो कांग्रेस में भी सर्वमान्य नेता नहीं रहे।

कृषि मंत्री ने कृषि कानूनों के खिलाफ चल रहे किसान आंदोलन को लेकर कहा कि किसान यूनियन के पास कोई प्रस्ताव नहीं है इसलिए वो चर्चा करने के लिए नहीं आ रहे हैं। भारत सरकार किसान यूनियन के साथ चर्चा करने के लिए तैयार है।

किसानो के समर्थन में कांग्रेस का ट्रेक्टर मार्च:

इससे पहले सोमवार को पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी के नेतृत्व में कांग्रेस ने ट्रेक्टर मार्च निकाला। खुद राहुल गांधी भी ट्रेक्टर पर सवार होकर संसद पहुंचे थे। मीडिया से बात करते हुए राहुल गांधी ने कहा,’केंद्र सरकार को नए कृषि क़ानूनों को वापस लेना पड़ेगा। ये क़ानून 2-3 बड़े उद्योगपतियों के लिए हैं। ये किसानों के फायदे के लिए नहीं हैं। ये काले क़ानून हैं। मैं किसानों के संदेश को पार्लियामेंट तक लेकर आया हूं।’

वहीँ ट्रेक्टर मार्च के दौरान पुलिस ने कांग्रेस के मुख्य प्रवक्ता रणदीप सिंह सुरजेवाला व कांग्रेस के राष्ट्रीय सचिव और पार्टी के मीडिया विभाग के सह प्रभारी प्रणव झा सहित कई कांग्रेस नेताओं को धारा 144 के उल्लंघन के आरोप में हिरासत में ले लिया हालांकि सभी नेताओं को कुछ घंटो बाद रिहा कर दिया गया।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital