गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 43 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की

गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने 43 उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी की

नई दिल्ली। गुजरात में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने अपने उम्मीदवारों की पहली लिस्ट जारी कर दी है। पहली लिस्ट में 43 उम्मीदवारों के नाम शामिल हैं।

पहली लिस्ट में कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष अर्जुन मोढवाडिया को पोरबंदर से, हिमांशु पटेल को गांधीनगर दक्षिण से और हितेशभाई वोरा को राजकोट दक्षिण से, अकोटा से ऋत्विक जोशी, रावपुरा से संजय पटेल और गांधीधाम से भरत वी सोलंकी को उम्मीदवार बनाया गया है।

गुजरात की कुल 182 विधानसभा सीटों पर दो चरणों में चुनाव होना है। पहले चरण में 89 सीटों पर एक दिसंबर को और दूसरे चरण में 93 सीटों पर 5 दिसंबर को मतदान होगा। मतगणना 8 दिसंबर को होगी।

इससे पहले आज कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़के ने पार्टी नेताओं के साथ एक बैठक की। पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष सोनिया गांधी ने इस बैठक में ऑनलाइन भाग लिया। पार्टी सूत्रों के मुताबिक, आज संपन्न हुई बैठक में गुजरात विधानसभा चुनाव के लिए सभी उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए गए हैं।

सूत्रों ने कहा कि बैठक में गुजरात विधानसभा के पहले चरण के उम्मीदवारों के नाम पर अंतिम मुहर लग गई है। गुजरात विधानसभा चुनाव को लेकर पार्टी इस बार बदली हुई रणनीति से आगे बढ़ रही है।

पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी भारत जोड़ो यात्रा में व्यस्त हैं। वहीँ पार्टी महासचिव प्रियंका गांधी हिमाचल प्रदेश के चुनाव की पूरी ज़िम्मेदारी उठा रही हैं। ऐसे में नए कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन के सामने कई बड़ी ज़िम्मेदारियाँ खड़ी हैं। गुजरात में चुनाव की तैयारियों के काम का एक बड़ा हिस्सा राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत के जिम्मे छोड़ा गया है।

गुजरात के पड़ौसी राज्य में 20 नवंबर को एंट्री करेगी भारत जोड़ो यात्रा:

अहम बात यह है कि अब से कुछ दिनों के अंदर कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा हिंदी भाषी इलाको में एंट्री करेगी। भारत जोड़ो यात्रा गुजरात के पड़ौसी राज्य मध्य प्रदेश से भी होकर जायेगी। मध्य प्रदेश में भारत जोड़ो यात्रा 13 दिनों में 382 किलोमीटर का सफर तय करेगी।

मध्य प्रदेश में कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा की एंट्री 20 नवंबर को होनी है। यह वह समय होगा जब पड़ौसी राज्य गुजरात में चुनाव प्रचार अपने चरम पर पहुंच चूका होगा। जानकारों की माने तो इस यात्रा का एक बड़ा सन्देश गुजरात तक जायेगा।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital