कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के लिए जारी किया घोषणा पत्र, पढ़िए- क्या हैं जनता से वादे

कांग्रेस ने गुजरात चुनाव के लिए जारी किया घोषणा पत्र, पढ़िए- क्या हैं जनता से वादे

अहमदाबाद। गुजरात के विधानसभा चुनाव के लिए कांग्रेस ने आज अपना चुनाव घोषणा पत्र जारी कर दिया है। संकल्प पत्र के नाम से जारी घोषणा पत्र में पार्टी ने कई अहम वादे किये हैं। इनमे पुरानी पेंशन योजना बहाल करने, दस लाख नौकरियां सृजन करने, किसानो के क़र्ज़ माफ़ करने और बेरोज़गारो को बेरोज़गारी भत्ता देने जैसे बड़े वादे किये गए हैं।

पार्टी के संकल्प पत्र में कोरोना पीड़ित परिवारों को 4 लाख का मुआवजा, KG से PG तक लड़कियों के लिए मुफ्त शिक्षा, 3000 सरकारी अंग्रेजी स्कूलो की स्थापना, इंदिरा रसोई योजना में 8 रु. में भरपेट भोजन, दुग्ध उत्पादकों को प्रति लीटर 5 रु. की सब्सिडी तथा किडनी, लिवर और हार्ट ट्रांसप्लांट फ्री करने के बड़े वादे शामिल हैं।

इसके अलावा कांग्रेस ने जनता को मंहगाई से निजात दिलाने तथा सिर्फ 500 रुपए में रसोई गैस सिलेंडर उपलब्ध करने का वादा किया है। इतना ही नहीं पार्टी ने अपने संकल्प पत्र में कहा है कि कांग्रेस के सरकार में आने पर सरकारी नौकरियों में कॉन्ट्रैक्ट व्यवस्था खत्म की जाएगी, 10 लाख सरकारी नौकरियां दी जाएँगी।

इसके अलावा बेरोज़गारो को प्रतिमाह 3000 रुपए बेरोजगारी भत्ता दिया जायेगा। राज्य में कांग्रेस की सरकार बनने पर 300 यूनिट तक बिजली फ्री दी जाएगी। वहीँ किसानों का 3 लाख का कर्ज और बिजली बिल माफ किया जायेगा। वहीँ जरूरतमंद छात्रों को ₹500 से ₹20,000 तक की छात्रवृत्ति दिए जाने का वादा किया गया है।

कांग्रेस का संकल्प जारी करने के कार्यक्रम में राजस्थान के मुख्यमंत्री अशोक गहलोत, गुजरात कांग्रेस के प्रभारी रघु शर्मा, प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष जगदीश ठाकोर तथा पार्टी के वरिष्ठ नेता मौजूद थे।

अशोक गहलोत ने कहा कि हमने कहा था कि जैसे ही कांग्रेस गुजरात में कूदेगी वह (AAP) नज़र नहीं आएंगे, आज वह नज़र नहीं आ रहे। मैं हिमाचल से आया हूं। ऐसा क्या कारण है कि उन्होंने वहां से अपना पूरा प्रचार वापस ले लिया? उन्होंने अपने उम्मीदवार वापस नहीं लिए।आप BJP को जिताना चाह रहे हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital