असम विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने 40 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया

असम विधानसभा चुनाव: कांग्रेस ने 40 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया

 नई दिल्ली। असम में होने जा रहे विधानसभा चुनाव के लिए शनिवार को कांग्रेस ने उम्मीदवारों के नाम की पहली लिस्ट जारी कर दी है। इस लिस्ट में 40 उम्मीदवारों के नाम का एलान किया गया है।

126 सीटों वाले असम में विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने एआईयूडीएफ तथा कुछ अन्य छोटे दलों के साथ गठबंधन किया है। 2016 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने अकेले चुनाव लड़ा था। इसमें कांग्रेस को 26 सीटों पर जीत हासिल हुई थी।

असम विधानसभा चुनाव के लिए 40 उम्मीदवारों के नाम वाली पहली सूची में असम कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रिपुन बोरा, अनुज कुमार मेच, राणा गोस्वामी और बितुपन सैकिया के नाम शामिल हैं।

असम कांग्रेस कमेटी के अध्यक्ष रिपुन बोरा को गोहपुर से उम्मीदवार बनाया गया है। वहीं तेजपुर सीट से डॉ अनुज कुमार मेच को टिकट दिया गया है। जोरहाट से कांग्रेस ने राणा गोस्वामी को उम्मीदवार बनाया है। गोलाघाट से बितुपन सैकिया को टिकट दिया गया है।

महिला कांग्रेस अध्यक्ष ने नहीं दिया इस्तीफा:

कांग्रेस ने मीडिया में आई उस खबर को भी ख़ारिज कर दिया है जिसमे कहा गया कि असम में टिकिट बंटवारे से नाराज़ महिला कांग्रेस अध्यक्ष सुष्मिता देव ने इस्तीफा दे दिया है।

पार्टी प्रवक्ता बबीता शर्मा ने एक बयान जारी कर कहा, ‘‘असम प्रदेश कांग्रेस समिति के संज्ञान में यह बात आई है कि अखिल भारतीय महिला कांग्रेस की अध्यक्ष सुष्मिता देव के इस्तीफे के बारे में कयास लगाये जाने वाली खबरें कुछ टेलीविजन चैनलों और वेब पोर्टल पर चल रही हैं। हम स्पष्ट करना चाहते हैं कि सुष्मिता देव ने पार्टी से इस्तीफा नहीं दिया है।’’

असम में तीन चरणों में होना है चुनाव:

गौरतलब है कि असम की कुल 126 सीटों पर कुल तीन चरणों में मतदान होना है। पहले चरण में 47 सीटों पर 27 मार्च को, दूसरे चरण में 39 सीटों पर 1 अप्रैल को और तीसरे चरण में 40 सीटों पर 6 अप्रैल को मतदान करवाया जाएगा।

यहां देखें उम्मीदवारों के नाम:

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital