कांग्रेस ने अखिलेश सिंह को सौंपी बिहार की कमान

कांग्रेस ने अखिलेश सिंह को सौंपी बिहार की कमान

नई दिल्ली। कांग्रेस ने बिहार इकाई में बड़ा फेरबदल करते हुए मदनमोहन झा के स्थान पर डा अखिलेश सिंह को प्रदेश इकाई का अध्यक्ष नियुक्त किया है। अखिलेश सिंह राज्य सभा सांसद हैं। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के महासचिव केसी वेणुगोपाल ने इस आशय की अधिसूचना सोमवार को जारी कर दी है।

गौरतलब है कि बिहार में प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष मदन मोहन झा का कार्यकाल खत्म होने के बाद से नए अध्यक्ष की नियुक्ति को लेकर कयास लगाए जा रहे थे। नए प्रदेश अध्यक्ष अखिलेश सिंह बिहार के पुराने नेताओं में से एक हैं। वे यूपीए सरकार की डा मनमोहन सिंह कैबिनेट में वर्ष 2004-09 तक कृषि उपभोक्ता मामले, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण प्रणाली के राज्यमंत्री रहे हैं।

अखिलेश सिंह ने अपना राजनीतिक जीवन राष्ट्रीय जनता दल से शुरू किया था। वे वर्ष 2000-2004 तक बिहार की राबड़ी देवी सरकार में स्वास्थ्य राज्य मंत्री रहे. उसके बाद राजद के टिकट पर उन्होंने मोतिहारी लोकसभा क्षेत्र से चुनाव जीता था।

इसके बाद वर्ष 2009 में अखिलेश प्रसाद सिंह राजद के टिकट पर पूर्वी चंपारण लोकसभा से चुनाव लडे लेकिन उन्हें इस चुनाव में पराजय का सामना करना पड़ा। बस इसके बाद अखिलेश सिंह के राजनीतिक सफर में असफलताओं का दौर शुरू हो गया।

2009 में अखिलेश सिंह राजद छोड़कर कांग्रेस में शामिल हो गए और 2014 के लोकसभा चुनाव में कांग्रेस ने उन्हें मुजफ्फरपुर लोकसभा सीट से अपना प्रत्याशी बनाया लेकिन 2014 में मोदी हवा के चलते इस लोकसभा चुनाव में भी उनको पराजय का सामना करना पड़ा। अखिलेख प्रसाद सिंह इसके बार 2015 में तरारी विधानसभा क्षेत्र से चुनाव मैदान में उतरे जहां एक बार फिर उनको हार मिली।

लगातार 2009, 2014 के लोकसभा चुनाव और 2015 के विधानसभा चुनाव में मिली हार के बावजूद अखिलेश सिंह कांग्रेस में बने रहे। वर्ष 2018 में अखिलेश सिंह ने अपनी असफलताओं को पीछे छोड़ते हुए राज्य सभा का चुनाव जीता।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital