भारत बचाओ रैली: प्रियंका बोलीं ‘जो आज अन्याय के खिलाफ नहीं लड़ेंगे, इतिहास उन्हें कायर लिखेगा

नई दिल्ली। दिल्ली के ऐतिहासिक रामलीला मैदान में कांग्रेस की भारत बचाओ रैली शुरू हो चुकी है कांग्रेस के पूर्व अध्यक्ष राहुल गांधी, आनंद शर्मा , प्रियंका गांधी सहित कई नेता मंच पर मौजूद हैं।
रैली को सबोधित करते हुए कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी ने कहा कि जो आज अन्याय के खिलाफ नहीं लड़ेंगे, इतिहास में उन्हें कायर समझा जायेगा। प्रियंका गांधी ने मोदी सरकार पर बड़ा हमला बोलते हुए कहा कि बीजेपी का नारा है – मोदी है तो मुमकिन है,उन्होंने कहा कि आज हर बस स्टॉप..हर अखबार में दिखता है ‘मोदी है तो मुमकिन है’, लेकिन मैं कहना चाहती हूं कि भाजपा है तो प्याज 100 रुपये किलो मुमकिन है…भाजपा है तो बेरोजगारी मुमकिन है…भाजपा है तो महंगाई मुमकिन है…
उन्होंने कहा कि आज देश में बेराजगारी और महंगाई बढी है। जीडीपी पाताल में है। उन्होंने आगे कहा कि 15000 किसानों की आत्महत्या मुमकिन है। भाजपा है जो कानून देश के खिलाफ है मुमकिन है। भाजपा है तो हमारे पीएसयू का बिकना मुमकिन है। आज चार करोड़ नौकरियां नष्ट हुई।
प्रियंका ने कहा कि कुछ साल पहले चीन की तरह हमारे देश की अर्थव्यवस्था बढ रही थी। उन्होंने कहा कि उन्नाव की बेटी हार गयी। इंसाफ मांग रही बेटी को जलाया गया, यूपी की बेटियां सुरक्षित नहीं हैं। न्याय हर इंसान का हक है। आज जो न्याय के लिए नहीं लड़ेगा वो भविष्य में कायर कहलाएगा। आप संविधान को नष्ट न होने दें. देश प्यारा है तो देश की आवाज बनो।
इससे पहले कांग्रेस नेता ज्योतिरादित्य सिंधिया ने कहा कि देश में बदला नहीं, बदलाव चाहिए। रैली में मौजूद लोगों को संबोधित करते हुए सिंधिया ने कहा कि हम पूरे देश को संदेश देने के लिए आये हैं कि बदला नहीं बदलाव जरूरी है।
उन्होंने कहा कि आज युवा बेरोजगार है, किसान कर्जदार है, गरीब लाचार है। घरेलू उत्पादन का दर गिर रहा है। बैंक घोटालों पर गरीबों का पैसा चंदे के आधार पर वसूला जा रहा है। यदि यह फिल्म का दृश्य है तो उस फिल्म का शीर्षक भी है। उस फिल्म का शीर्षक है सबकुछ ठीक है।
हरियाणा के पूर्व मुख्यमंत्री भूपेंद्र सिंह हुड्डा ने कहा कि हरियाणा में 2 साल पहले बेरोजगारी का जो दर था वह 2.8 था आज वह बढ़ कर देश में 28 प्रतिशत हो गया है।
पूर्व वित्त मंत्री पी चिदंबरम ने कहा कि 6 महीने में मोदी सरकार ने भारत की इकॉनमी को बर्बाद कर दिया है फिर भी मंत्री पूरी तरह से क्लूलेस हैं। कल वित्त मंत्री ने कहा कि सब कुछ ठीक है, हम दुनिया में शीर्ष पर हैं। केवल एक चीज जो उन्होंने नहीं कही, वह है ‘अच्छे दिन आने वाले हैं’।