यूपी: विधानसभा चुनाव से पहले इस पार्टी का हुआ सपा में विलय

यूपी: विधानसभा चुनाव से पहले इस पार्टी का हुआ सपा में विलय

लखनऊ। उत्तर प्रदेश में अगले वर्ष होने वाले विधान सभा चुनाव से पहले जन परिवर्तन दल का आज समाजवादी पार्टी में विलय हो गया है। जन परिवर्तन दल के राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी धनगर ने रविवार को अपनी पार्टी का समाजवादी पार्टी में विलय करने का एलान किया।

रविवार को कई अन्य दलों के नेताओं ने भी समाजवादी पार्टी में शामिल होने का एलान किया। इनमे बुंदेलखंड से विधायक रह चुके गयादीन अनुरागी व विनोद चतुर्वेदी कांग्रेस छोड़ कर सपा में शामिल हो गए।

वहीँ कांग्रेस की महोबा जिला कमेटी के पूर्व अध्यक्ष मनोज तिवारी ने भी सपा का दामन थाम लिया। पूर्व सांसद रिजवान जहीर व उनकी बेटी जेबा रिजवान भी सपा में शामिल हो गए। विमुक्त जाति जागरण समिति के प्रदीप वर्मा, जिला अध्यक्ष, पिछड़ा वर्ग मोर्चा, भाजपा हरदोई अरुण कुमार मौर्य ने भी रविवार को सपा की सदस्यता ग्रहण की।

इस अवसर पर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा कि जनता व सपा अब भाजपा को सत्ता से हटाने के लिए पूरी तरह तैयार है। भाजपा ने जनता को धोखे के अलावा कुछ नहीं दिया है।

प्रेस कांफ्रेंस में अखिलेश यादव ने कहा कि देश में शायद ही भाजपा जितना झूठ कोई नहीं बोलता होगा। सभी को पता है डीजल, पेट्रोल, खाद डीएपी महंगा हो गया है। फसल की कीमत नहीं मिल रही है, लेकिन भाजपा महंगाई की बात स्वीकार नहीं करती है। सरकार द्वारा किए जा रहे उद्घाटन, शिलान्यास सब धोखा है।

अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर की घटना को लेकर यूपी में बहुत नाराजगी है। जो भाषा बीजेपी बोलती है, वही भाषा अधिकारियों की हो गई है। जिस पुलिस पर भरोसा है, उसी ने पीट-पीट कर हत्या कर दी। उन्होंने कहा कि चूंकि गोरखपुर के पुलिस कप्तान बीजेपी के रिश्तेदार हैं, इसलिए उन पर कार्रवाई नहीं हो रही है। बीजेपी सरकार ने जिम्मेदार पुलिस अधिकारियों को फरार करा दिया।

अखिलेश यादव ने प्रदेश की योगी आदित्यनाथ सरकार पर अपना हमला जारी रखते हुए कहा कि भाजपा सरकार ने ऐसी स्थिति बना दी है कि आप होटल के कमरे में, घर में सो रहे हों। पुलिस आएगी, दरवाजा खोलेगी और कमरे में घुस कर इतना मारेगी की जान चली जाएगी।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital