रामदेव की मुश्किलें बढ़ीं, देशद्रोह को लेकर कोर्ट में परिवाद दायर

रामदेव की मुश्किलें बढ़ीं, देशद्रोह को लेकर कोर्ट में परिवाद दायर

मुज़फ्फरपुर। एलोपैथी चिकित्सा पद्धति और डॉक्टरों को लेकर दिया गया बाबा रामदेव का बयान अब उनकी मुश्किलें बढ़ा सकता है। बिहार के मुज़फ्फरपुर में सीजेएम कोर्ट में बाबा रामदेव के खिलाफ देशद्रोह का मामला दर्ज कराये जाने के लिए एक परिवाद दायर किया गया है। इस परिवाद पर 7 जून को सुनवाई होगी।

परिवाद में बाबा रामदेव का नाम लेकर आरोप लगाया गया है कि 21 मई को स्वामी रामदेव ने कई टेलिविजन चैनलों पर एलोपैथी को लेकर गलत टिप्पणियां की और कोरोना से डॉक्टरों की मौत का मजाक भी उड़ाया।

इतना ही नहीं परिवाद दायर करने वाले अधिवक्ता का आरोप है कि बाबा रामदेव ने वैक्सीनेशन को लेकर भ्रम को भी बढ़ावा दिया है। बाबा रामदेव के खिलाड़ देशद्रोह का मामला दर्ज करने के लिए दायर किये गए इस परिवाद को कोर्ट ने स्वीकार कर लिया है और सुनवाई के लिए 7 जून की तारीख तय की है।

गौरतलब है कि बाबा रामदेव का एक वीडियो वायरल होने के बाद उनका एक विवादित बयान संज्ञान में आया था। इस वीडियो में बाबा रामदेव एलोपैथी चिकित्सा पद्धति को स्टुपिड साइंस कहते दिख रहे हैं। इतना ही नहीं बाबा रामदेव ने अपने बयान में कोरोना वैक्सीन को लेकर भी सवाल उठाये थे। रामदेव ने आरोप लगाया था कि वैक्सीन लेने वाले कई डॉक्टरों की मौत हुई है।

बाबा रामदेव के बयान पर इंडियन मेडिकल एसोसिएशन ने तीखे तेवर दिखाते हुए रामदेव के खिलाफ एक हज़ार करोड़ रुपये की मानहानि का नोटिस भेजा है। इतना ही नहीं इंडियन मेडिकल एसोसिएशन की तरफ से बाबा रामदेव के खिलाफ दिल्ली के लोधी स्टेट थाने में एफआईआर भी दर्ज कराई गई है।

TeamDigital