अखिलेश ने दिए संकेत: 2024 मे कन्नौज सीट से लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव

अखिलेश ने दिए संकेत: 2024 मे कन्नौज सीट से लड़ सकते हैं लोकसभा चुनाव

कन्नौज। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष और सूबे के पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 2024 के लोकसभा चुनाव में कन्नौज सीट से चुनाव लड़ सकते हैं। स्वयं अखिलेश यादव ने ऐसे संकेत दिए हैं।

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कन्नौज में पत्रकारों से बातचीत के दौरान 2024 में कन्नौज से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि हमारा काम चुनाव लड़ना है। जहां पहला चुनाव लड़े थे वहां फिर चुनाव लड़ेंगे। कन्नौज की सीट खाली है तो हम क्या करेंगे।

हालांकि अखिलेश यादव ने यह भी कहा कि उनकी पार्टी सही समय पर फैसला करेगी। उन्होंने कहा कि 2024 का चुनाव आने पर समाजवादी पार्टी इस पर फैसला लेगी।

अखिलेश यादव कन्नौज में पार्टी के नेता सुनील कुमार गुप्ता उर्फ मुन्ना भैया द्वारा आयोजित एक निजी समारोह में शामिल होने आए थे। इस दौरान उन्होंने पत्रकारों के सवालो के जबाव भी दिए।

मैनपुरी में सपा के प्रचार अभियान ने पकड़ी स्पीड:

वहीँ दूसरी तरफ मैनपुरी में 5 दिसंबर को होने वाले लोकसभा के उपचुनाव के लिए समाजवादी पार्टी बड़े स्तर पर कैंपेन कर रही है। सपा नेता रामगोपाल यादव खुद पूरे चुनाव की कमान संभाले हुए हैं। वहीँ जसवंतनगर से विधायक और प्रोग्रेसिव समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष शिवपाल सिंह यादव भी सपा उम्मीदवार डिंपल यादव के पक्ष में प्रचार कर रहे हैं।

गौरतलब है कि समाजवादी पार्टी के संरक्षक मुलायम सिंह यादव के निधन के कारण मैनपुरी लोकसभा सीट पर उपचुनाव कराया जा रहा है। मैनपुरी लोकसभा सीट कई दशकों से समाजवादी पार्टी के कब्ज़े में हैं और इस सीट को समाजवादी पार्टी का अभेद दुर्ग कहा जाता है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital