कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने आयी महिला खिलाडियों को टॉयलेट में परोसा गया भोजन
सहारनपुर। यहां राज्य कबड्डी प्रतियोगिता के आयोजन के दौरान एक बड़ी अनियमितता सामने आयी है। कबड्डी प्रतियोगिता में भाग लेने आयीं महिला खिलाडियों का भोजन कथित रूप से शौचालय में रखे जाने का एक वीडियो वायरल होने के बाद प्रशासन हरकत में आ गया है। इतना ही नहीं खिलाड़ियों को यह खाना टॉयलेट में ही परोस दिया गया।
सहारनपुर के जिलाधिकारी अखिलेश सिंह ने इस घटना को लेकर कहा कि बड़ी संख्या में बच्चों ने इस प्रतियोगिता में भाग लिया अगर ऐसी किसी भी तरह की अनियमितता सामने आती है तो कार्रवाई की जाएगी।
सहारनपुर के एडीएम रजनीश मिश्रा ने कहा कि अंबेडकर स्टेडियम में कबड्डी प्रतियोगिता में शामिल हुए खिलाड़ियों को भोजन परोसे जाने और उससे संबंधित गड़बड़ी का मामला सामने आया है। इस संबंध में जांच के आदेश दिए गए हैं और 3 दिन में इसकी रिपोर्ट सौंपने आदेश मिला है।
केंद्रीय खेल मंत्री अनुराग ठाकुर अनुराग ठाकुर ने मीडिया को बताया कि इस मामले में कॉन्ट्रैक्टर और अधिकारी के ख़िलाफ़ कड़ी कार्रवाई करने के निर्देश और कांन्ट्रेक्टर को ब्लैक लिस्ट करने के लिए कहा है। पिछले वर्षों में खेलों की सुविधाओं को बढ़ावा दिया है। खेल संस्थानों में खिलाड़ियों को किसी भी 5 सितारा होटल के बराबर आहार मिलता है।
गौरतलब है कि राज्यस्तर की यह कबड्डी प्रतियोगिता 16 सितम्बर से 18 सितम्बर तक चली. इसमें 17 टीमों ने हिस्सा लिया. यानी करीब 200 से अधिक लोगों की टीम आई हुई थी। इन लोगों का खाना टॉयलेट में बनवाया गया. खिलाड़ियों को टॉयलेट में खाना बनाकर खिलाया गया।
