हार पर हाहाकार: सांसद बाबुल सुप्रियो ने दिया बीजेपी को झटका

हार पर हाहाकार: सांसद बाबुल सुप्रियो ने दिया बीजेपी को झटका

कोलकाता। पश्चिम बंगाल में भारतीय जनता पार्टी को तमाम कोशिशों के बावजूद मिली करारी हार का असर अब पार्टी के अंदर दिखने लगा है। सूत्रों की माने तो पश्चिम बंगाल बीजेपी के अंदर सब कुछ ठीक नहीं चल रहा है।

इस बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री और भारतीय जनता पार्टी के सांसद बाबुल सुप्रियो ने लोकसभा की सदस्यता से इस्तीफा और भारतीय जनता पार्टी छोड़ने के इरादे जताये हैं।

बीजेपी सांसद बाबुल सुप्रियो ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा कि “अलविदा! मैं किसी भी राजनीतिक दल में नहीं जा रहा हूं। टीएमसी, कांग्रेस, सीपीआई(एम) किसी ने भी मुझे नहीं बुलाया। मैं कहीं नहीं जा रहा हूं।”

गौरतलब है कि लोकसभा का सदस्य और केंद्रीय मंत्री होने के बावजूद बीजेपी आलाकमान ने बाबुल सुप्रियो को विधानसभा चुनाव में उम्मीदवार बनाया था और वे चुनाव में पराजित हो गए थे।

अभी हाल ही में हुए मोदी केबिनेट के विस्तार से पहले बाबुल सुप्रियो उन केंद्रीय मंत्रियों में शामिल थे जिनसे इस्तीफा देने को कहा गया था और उन्हें पुनः केबिनेट में स्थान नहीं दिया गया।

माना जा रहा है कि पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान पार्टी नेताओं के साथ पैदा हुए मतभेदों के बाद ही बाबुल सुप्रियो ने राजनीति छोड़ने का मन बना लिया था।

हाल ही में सोशल मीडिया पर अपनी एक पोस्ट में बाबुल सुप्रियो ने बीजेपी नेताओं के साथ अपने मतभेद को स्वीकार किया था। उन्होंने लिखा कि पार्टी संग मेरे कुछ मतभेद थे। वो बातें चुनाव से पहले ही सभी के सामने आ चुकी थीं। हार के लिए मैं भी जिम्मेदारी लेता हूं,लेकिन दूसरे नेता भी जिम्मेदार हैं।

TeamDigital