हरिद्वार कुंभ: कोविड जांच रिपोर्टों में हुए फर्जीवाड़े को कांग्रेस ने बताया ‘हिंदुओं के साथ विश्वासघात’
नई दिल्ली। उत्तराखंड के हरिद्वार में आयोजित कुंभ मेले के दौरान कोविद जांच रिपोर्टो में हुए फर्ज़ीवाड़े के खुलासे पर कांग्रेस ने भारतीय जनता पार्टी पर हमला बोला है। पार्टी ने कोविड जांच रिपोर्टो में हुए फर्ज़ीवाड़े को हिंदू समुदाय के लोगों के साथ विश्वासघात करार दिया है।
मुख्यमंत्री को लिखे एक पत्र में पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष किशोर उपाध्याय ने कहा कि कुंभ मेले में कोरोना की फर्जी जांच रिपोर्ट जारी करने से संबंधित ये मामला अत्यंत गंभीर है और लोगों की ज़िन्दगी से जुड़ा हुआ है।
उपाध्याय ने उत्तराखंड सरकार से इस्तीफे की मांग करते हुए इस पूरे मामले की अविलंब सक्षम एजेंसी से जांच करवाने की मांग की है। उन्होंने कहा कि कोविड रिपोर्टो के फर्ज़ीवाड़े से उत्तराखंड सरकार की पोल खुल गई है।
उपाध्याय ने कहा कि कोविड रिपोर्टो के फर्ज़ीवाड़े के खुलासे से साफ़ हो गया है कि राज्य की बीजेपी सरकार ने किस तरह कुंभ में आये श्रद्धालुओं की जान का सौदा किया। उन्होंने कहा, ” कुंभ मेले के बाद जिस तरह कोरोना का क़हर बरपा, वह कल्पनातीत है। उत्तराखंड का कोई घर नहीं है, जहां इसका दुष्प्रभाव न पड़ा हो। घर के घर तबाह हो गये. 25-40 आयु वर्ग के जवान लोगों की मौतें हुईं हैं। कौन इन सबकी ज़िम्मेदारी लेगा?’
उपाध्याय ने आरोप लगाया कि कुंभ मेले में इस तरह के भ्रष्टाचार के कारण ही प्रदेश पर कोरोना का यह प्रलय काल आया है और सरकार आंकड़ों के साथ हेरफेर कर रही है।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष ने कहा कि बीजेपी धर्म और भगवान राम के नाम पर सत्तासीन हुई है और कुंभ में भ्रष्टाचार का ‘कलंक’ राष्ट्रीय व अंतर्राष्ट्रीय स्तर पर बीजेपी की छवि को मटियामेट कर देगा।
उन्होंने पत्र में कहा, ” आप की अब तक की छवि निष्ठावान, सज्जन, सीधे और ईमानदार राजनैतिक-सामाजिक कार्यकर्ता की रही है। कुंभ के घोटालों पर पर्दा डालकर आपको अपने दामन को दागदार नहीं बनाना चाहिये।”
