6 चरणों के चुनाव के बाद जागा चुनाव आयोग, वाहन रैलियों-रोड शो पर लगाई पाबंदी
नई दिल्ली। पश्चिम बंगाल में 6 चरणों के चुनाव पूरे होने के बाद कोरोना संक्रमण को लेकर चुनाव आयोग की नींद टूटी है। चुनाव आयोग ने बड़ा फैसला लेते हुए सभी चुनावी वाहन रैलियों और रोड शो पर पाबंदी लगा दी है।
गौरतलब है कि पश्चिम बंगाल में 8 चरणों में चुनाव संपन्न होने हैं। अब तक 6 चरणों के लिए चुनाव का काम पूरा हो चुका है। इस दौरान कांग्रेस और तृणमूल कांग्रेस सहित कई विपक्षी दलों ने कोरोना संक्रमण को ध्यान में रखते हुए चुनाव आयोग से रैलियों पर पाबंदी लगाने की मांग की थी।
इतना ही नहीं कलकत्ता हाईकोर्ट ने अपने फैसले में चुनाव आयोग से कोविड गाइड लाइन के पालन कराये जाने के लिए भी कहा था। इसके बाद चुनाव आयोग ने सर्वदलीय बैठक बुलाकर सभी दलों से चुनाव प्रचार के दौरान कोविड गाइडलाइन के पालन के लिए गाइडलाइन जारी की थी।
बंगाल में 6 चरणों के चुनाव संपन्न होने के बाद जागे चुनाव आयोग ने अब पोलिंग स्टेशन पर मतदाताओं और चुनाव अधिकारियों के लिए व्यवस्थाओं को लेकर निर्देश दिए हैं। आयोग ने कहा है कि पिछले साल बिहार में हुए विधानसभा चुनाव और उप चुनावों में ये दिशानिर्देश जारी किए गए थे।
आयोग के मुताबिक साइकिल/बाइक/वाहन रैलियों की जो अनुमति राजनीतिक दलों को दी गई थी उसे वापस ले लिया गया है। आयोग ने इस बात को लेकर भी नाराजगी जताई है कि कई राजनीतिक दल और प्रत्याशी जनसभाओं के दौरान सुरक्षा मानकों का पालन नहीं कर रहे हैं। आयोग ने कहा है कि किसी भी तरह के रोड-शो, पदयात्रा या सइकिल, बाइक-वाहन रैली की अनुमति नहीं दी जाएगी।
इस बीच देश में कोरोना संक्रमण की स्थिति को देखते हुए आज पश्चिम बंगाल में होने वाली पीएम मोदी की चुनावी रैली रद्द कर दी गई। बीजेपी सूत्रों के मुताबिक अब बंगाल में पीएम मोदी की कोई चुनावी सभा आयोजित नहीं की जायेगी।
पूर्व कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी और तृणमूल कांग्रेस नेता ममता बनर्जी ने पहले ही बंगाल में अपनी चुनावी रैलियां रद्द करने का एलान कर दिया है। तृणमूल कांग्रेस के मुताबिक, मुख्यमंत्री ममता बनर्जी सिर्फ चुनिंदा लोगों के साथ बैठक करेंगी। वे किसी बड़ी रैली को संबोधित नहीं करेंगी।
