नागरिकता संशोधन एक्ट और एनआरसी के विरोध में आज देशभर में सड़को पर उतरेगी कांग्रेस
नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन एक्ट और एनआरसी को लेकर देशभर में चल रहे विरोध प्रदर्शन के साथ अब कांग्रेस भी खुलकर मैदान में आ गई है। नागरिकता संशोधन एक्ट के विरोध में आज कांग्रेस देशभर में प्रदर्शन करेगी। दिल्ली में कांग्रेस पार्टी की महासचिव प्रियंका गांधी कमान संभालेंगी।
देश के सभी राज्यों में आज सीएए और एनआरसी के विरोध में कांग्रेस ने विरोध मार्च का आयोजन किया है। इन विरोध मार्च में प्रदेश कांग्रेस के वरिष्ठ नेता मौजूद रहेंगे।
इतना ही नहीं कांग्रेस शासित राज्यों के मुख्यमंत्री और अन्य जगहों पर प्रदेश अध्यक्षों की अगुवाई में धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। राजस्थान में इसकी कमान मुख्यमंत्री अशोक गहलोत ने अपने हाथ ली है।
इसी क्रम में रविवार(आज) को कांग्रेस नेता राजघाट पर धरना देंगे। इस धरने का नेतृत्व कांग्रेस महासचिव प्रियंका गांधी करेंगी। प्रियंका गांधी लगातार सीएए और एनआरसी को लेकर मोदी सरकार को घेर रही हैं।
प्रियंका गांधी ने हाल ही में सीएए और एनआरसी को लेकर कहा कि मोदी सरकार संविधान निर्माता बाबासाहेब भीमराव आंबेडकर की सोच को दबाने की कोशिश कर रही है। सीएए और एनआरसी के विरोध में उत्तर प्रदेश के कई जिलों में लगातार हो रहे विरोध प्रदर्शनों को लेकर प्रियंका गांधी ने जारी एक बयान में कहा कि एनआरसी और नागरिकता संशोधन कानून देश की गरीब जनता के खिलाफ है।
वहीँ उत्तर प्रदेश सहित देश के कई राज्यों में सीएए के विरोध का सिलसिला जारी है। उत्तर प्रदेश के कई जिलों में अभी भी इंटरनेट सेवा प्रतिबंधित है। कई शहरो में प्रदर्शन के दौरान पथराव और पुलिस लाठीचार्ज की ख़बरें आ रही हैं। पुलिस ने फिरोजाबाद, अमरोहा, मुरादाबाद, बरेली, रामपुर, कानपुर और गोरखपुर में पुलिस ने शांतिपूर्ण प्रदर्शनों पर लाठीचार्ज किया।
प्रदेश में हालात बद से बद्द्तर होते जा रहे हैं। इंटरनेट सेवा बंद होने से कामकाजी लोगों को भारी दिक्क्तें झेलनी पड़ रही हैं। इंटरनेट बंद होने का सीधा असर ऑनलाइन कारोबार करने वाले लोगों पर पड़ा है।
इंटरनेट बंद होने के कारण कारोबारियों की डिजिटल पेमेंट सेवा भी ठप्प हो गई है। महीने की 20 तारीख को भरी जाने वाली जीएसटी रिटर्न भरने में भी लोगों को बड़ी मुश्किलें झेलनी पड़ी हैं। सैकड़ो कारोबारी इंटरनेट बंद होने के चलते ऑनलाइन जीएसटी रिटर्न नहीं भर सके हैं।