एआर रहमान के नाम एक और सम्मान : मिलेगा जापान का शीर्ष सांस्कृतिक पुरस्कार

rahman

मुंबई । संगीत के जरिये एशियाई संस्कृति में उत्कृष्ट योगदान देने के लिए एआर रहमान को जापान के शीर्ष सांस्कृतिक सम्मान “ग्रांड फुकुओका पुरस्कार 2016” दिया जाएगा। पुरस्कार समारोह के हिस्से के रूप में, संगीतकार रहमान को “फ्राम द हार्टः द वर्ल्ड ऑफ ए आर रहमान्स म्यूजिक” विषय पर व्याख्यान देने के लिए आमंत्रित किया गया है।

फुकुओका पुरस्कार समिति के सचिवालय ने रहमान (49) को फिलिपीनी इतिहासकार एआर ओकांपो (अकादमिक) तथा पाकिस्तानी शिल्पकार यास्मीन लारी (कला व संस्कृति) के साथ पुरस्कार के लिए चुना है।

इस सालाना पुरस्कार की स्थापना 1990 में जापान के फुकुओका शहर में की गई थी। इसका उद्देश्य एशिया की अनोखी और विविधतापूर्ण संस्कृति को संरक्षित तथा प्रोत्साहित करने के लिए काम करने वाले लोगों, संगठनों और समूहों के उत्कृष्ट कार्यों को सम्मानित करना है।

रहमान से पहले सितार वादक रवि शंकर, नृत्यांगना पद्मा सुब्रह्माण्यम, इतिहासकार रामचंद्र गुहा व रोमिला थापर, सरोद वादक अमजद अली खान, आशीष नंदी, पार्थ चटर्जी, वंदना शिवा और नलिनी मालिनी इस पुरस्कार से सम्मानित होने वाले अन्य भारतीय हैं। अन्य विजेताओं में नोबेल पुरस्कार विजेता मुहम्मद यूनुस (बांग्लादेश) और मो यान (चीन) भी शामिल हैं।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital