आप के अड़ियल रुख के चलते हम अकेले चुनाव लड़ने को विवश: कांग्रेस
नई दिल्ली। कांग्रेस का कहना है कि दिल्ली में आम आदमी पार्टी के साथ गठबंधन को लेकर सकारात्मक पहल की गयी लेकिन आम आदमी पार्टी के अड़ियल रुख के चलते कांग्रेस अकेले चुनाव लड़ने को विवश है।
दिल्ली प्रदेश कांग्रेस के प्रभारी पीसी चाको ने कहा कि आम आदमी पार्टी से दिल्ली में गठबंधन को लेकर बात हुई थी, लेकिन उसने अन्य राज्यों में भी गठबंधन करने की शर्त रखी। जिसे कांग्रेस स्वीकार करने की स्थति में नहीं है।
चाको ने कहा कि अब चूँकि गठबंधन की सभी संभावनाएं समाप्त हो चुके हैं इसलिए दिल्ली की सभी सात लोकसभा सीटों पर कांग्रेस जल्द ही अपने उम्मीदवारो के नामो का एलान कर देगी।
गौरतलब है कि दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविन्द केजरीवाल मीडिया में यह तो बयान देते रहे कि वे दिल्ली में कांग्रेस के साथ गठबंधन करने के इच्छुक हैं और कांग्रेस सकारात्मक रुख नहीं दिखा रही। लेकिन केजरीवाल ने यह नहीं बताया कि वे कांग्रेस के समक्ष दिल्ली के अलावा पंजाब, हरियाणा और गोवा में भी गठबंधन की शर्त रख रहे हैं।
वहीँ कहा जा रहा है कि कांग्रेस ने दिल्ली की सभी 07 सीटों पर अपने उम्मीदवारों के नाम तय कर लिए हैं और उम्मीदवारों के नामो पर अंतिम मुहर के लिए प्रत्याशियों के नाम की सूची कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी को भेजी गयी है। सूत्रों ने कहा कि कल तक कांग्रेस अपने उम्मीदवारों के नाम का एलान कर सकती है।