अमित शाह के करीबी मंत्री पर 800 करोड़ के घोटाले का आरोप

अमित शाह के करीबी मंत्री पर 800 करोड़ के घोटाले का आरोप

मुंबई। महाराष्ट्र में देवेंद्र फडणवीस सरकार के एक और मंत्री पर घोटाले के आरोप लगे हैं। यह घोटाला मामूली नहीं बल्कि 800 करोड़ का है। महाराष्ट्र सरकार के जिस मंत्री पर घोटाले के आरोप लगे हैं वे बीजेपी अध्यक्ष अमित शाह के बेहद करीबी बताये जाते हैं।

इससे पहले राज्य के पूर्व राजस्व मंत्री एकनाथ खडसे घोटाले के आरोप के बाद उन्हें इस्तीफा देना पड़ा था। वहीँ अब गृह निर्माण मंत्री प्रकाश मेहता ऐसे दूसरे मंत्री हैं जिन पर घोटाले का आरोप लगा है और इस्तीफे का दबाव बना है।

मुख्यमंत्री ने मामले की गंभीरता को देखते हुए जांच के आदेश दिए हैं। मेहता पर आरोप है कि उन्होंने एक झोपड़पट्टी पुनर्विकास परियोजना (एसआरए) में 800 करोड़ रुपये का घोटाला किया है। मेहता को लेकर विपक्ष लगातार विधानसभा में हंगामा कर रही है।

एनसीपी नेता जयंत पाटिल ने विधानसभा में आरोप लगाया कि प्रकाश मेहता ने दक्षिण मुंबई स्थित ताड़देव के एमपी मिल की एसआरए परियोजना की फाइल पर विभागीय अधिकारी को गुमराह कर हस्ताक्षर किए। पाटिल के मुताबिक मेहता ने अतिरिक्त मुख्य सचिव (गृहनिर्माण) के सुझाव को नजरंदाज कर दिया।

दरअसल मेहता मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस के नाम पर झूठ बोलकर फंस गए। उन्होंने संबंधित कागजात पर लिखा कि इस मामले की जानकारी मुख्यमंत्री को है। इसलिए इसे मंजूरी दी जाती है। परन्तु, बाद में यह घोटाला सामने आने के बाद मुख्यमंत्री ने इस बारे में किसी तरह की जानकारी होने से इनकार कर दिया। इससे मेहता विपक्ष के निशाने पर आ गए हैं। गृहनिर्माण मंत्री प्रकाश मेहता मुंबई के पूर्वी उपनगर घाटकोपर से विधायक हैं। उनकी छवि विवादित रही है।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital