यात्रा से ‘भारत जोड़ो’ और ‘कांग्रेस जोड़ो’ दोनों ही लक्ष्य हासिल हो सकते है – थरूर

तिरुवनंतपुरम। कांग्रेस नेता शशि थरूर ने मंगलवार को कहा कि कांग्रेस की यात्रा पूरे देश में कांग्रेस से जुड़े लोगों तथा अन्य को एकजुट कर सकती है और इसलिए इससे ‘भारत जोड़ो’ और ‘कांग्रेस जोड़ो‘ दोनों ही लक्ष्य हासिल किए जा सकते हैं।
गौरतलब है कि कांग्रेस नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में 7 सितंबर से ‘भारत जोड़ो यात्रा’ शुरू होने जा रही हैं। यह यात्रा 12 राज्यों और दो केंद्र शासित प्रदेशों से गुजरेगी और लगभग 150 दिनों की इस पदयात्रा में 3,570 किलोमीटर की दूरी तय की जाएगी। इस यात्रा का सिविल सोसायटी के 200 से सदस्यों ने समर्थन किया है और एक अपील जारी कर लोगों से कांग्रेस की भारत जोड़ो यात्रा में शामिल होने का अनुरोध किया है।
थरूर ने भारत जोड़ो यात्रा के एक दिन पहले ‘पीटीआई-भाषा’ से एक साक्षात्कार में कहा इस यात्रा का मकसद यह संदेश देना भी है कि कांग्रेस ही वह पार्टी है जो भारत को जोड़ कर रख सकती है और अगर जनता तक यह संदेश भली भांति पहुंच गया तो इससे पार्टी में भी फिर से जान आ जाएगी।
थरूर के कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ने के कयास लगाए जा रहे हैं। उन्होंने उम्मीद जताई के कई नेता कांग्रेस अध्यक्ष पद का चुनाव लड़ेंगे जिससे निर्वाचकों को व्यापक विकल्प मिलेंगे। हालांकि थरूर ने खुद चुनाव लड़ने के संबंध में कोई जानकारी नहीं दी।