विश्व बैंक की चेतावनी: कोरोना के कारण गरीबी के दायरे में आ जायेंगे करोडो लोग
नई दिल्ली। कोरोना संक्रमण के चलते भारत सहित दुनिया के कई देशो में लॉकडाउन को लेकर विश्व बैंक ने अर्थव्यवस्था को लेकर बड़े खतरे का अंदेशा जताया है।
लॉकडाउन के चलते कामधंधे बंद होने और सरकार को होने वाली आमदनी रुकने, साथ ही कोरोना से जूझने के लिए अतरिक्त बोझ पड़ने का हवाला देते हुए विश्व बैंक ने अनुमान जताया है कि इससे करोडो लोग गरीबी के दायरे में आ जायेंगे।
वर्ल्ड बैंक ने अपनी ताजा रिपोर्ट में बताया है कि वैश्विक महामारी कोरोना वायरस के कारण इस साल चीन तथा अन्य पूर्वी एशिया प्रशांत देशों में अर्थव्यवस्था की रफ्तार बहुत धीमी रहने वाली है जिससे 1.1 करोड़ लोग गरीबी की ओर चले जाएंगे।
वर्ल्ड बैंक का कहना है कि पूर्वी एशिया में इस वर्ष विकास की रफ्तार 2.1 फीसदी रह सकती है जो 2019 में 5.8% थी। इसमें कहा गया है कि चीन की विकास दर भी पिछले साल की 6.1 फीसदी से घटकर इस साल 2.3 फीसदी रह जाएगी। बैंक का अनुमान है कि 1.1 करोड़ से अधिक संख्या में लोग गरीबी के दायरे में आ जाएंगे।
जबकि कोरोना संक्रमण फैलने से पहले आयी विश्व बैंक की रिपोर्ट में अनुमान जताया गया था कि इस वर्ष विकास दर पर्याप्त रहेगी और 3.5 करोड़ लोग गरीबी रेखा से ऊपर उठ जाएंगे।
पूर्वी एशिया और प्रशांत क्षेत्र के विश्व बैंक के मुख्य अर्थशास्त्री आदित्य मट्टू ने कहा कि हालांकि, यह विश्वव्यापी संकट है, लेकिन इससे चीन समेत पूर्वी एशिया मुल्कों में गरीबी में तेजी से इजाफा होगा। रिपोर्ट में यह भी कहा गया है कि पूर्वी एशिया में 1.1 करोड़ लोग गरीब हो जाएंगे।
गौरतलब है कि कोरोना संक्रमण से दुनिया के दर्जनभर से अधिक देश प्रभावित हुए हैं। अब तक 183 देशों में 740,00 से अधिक मामलों का आधिकारिक तौर पर पता लगाया गया है। जबकि इस महामारी से दुनिया भर में 35,000 से अधिक लोगों की मौत हो गई है।
आधिकारिक आंकड़ों के अनुसार सोमवार तक कुल मिलाकर, 35,905 लोग मारे गए हैं, जिनमें यूरोप में 26,076 शामिल हैं। इटली में 11,591 के साथ सबसे अधिक मौतें हुई हैं। स्पेन में 7,340 और चीन में 3,304 लोगों की जानें जा चुकी हैं।
वहीं अकेले यूरोप में कम से कम 408,203 मामले सामने आये हैं। संयुक्त राज्य अमेरिका और कनाडा में लगभग 160,000 मरीजों की पुष्टि हुई है। जबकि 2,635 लोगों की मौत हुई है। एशिया में 3,827 मौतों के साथ 106,609 मामले सामने आये हैं।
अमेरिका में कोरोना वायरस से संक्रमण का मामला चीन से लगभग दोगुना हो गया है। कोरोना वायरस से संक्रमण की शुरुआत भले चीन से हुई थी मगर अब चीन संक्रमण और इससे होने वाली मौत को नियंत्रित करने में दुनिया के बाक़ी देशों की तुलना में कामयाब रहा है।
यहां कोरोना से संक्रमित लोगों की संख्या एक लाख 60 हज़ार हो गई है जबकि चीन में 82,198 है। वहीं अमेरिका में अभी तक कुल तीन हज़ार आठ (3008) लोगों की मौत की पुष्टि हुई है।
