6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम तय करेंगे हवा का रुख

6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर हुए उपचुनाव के परिणाम तय करेंगे हवा का रुख

नई दिल्ली। 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों पर गुरुवार को मतदान का काम पूरा हो गया। जिन सीटों पर उपचुनाव हुआ उनमे उत्तर प्रदेश की एक सीट (गोला गोकर्णनाथ), महाराष्ट्र की एक सीट (अँधेरी ईस्ट), बिहार की दो सीटें (गोपालगंज और मोकामा) हरियाणा की एक सीट (आदमपुर), ओडिशा की एक सीट (धामनगर) और तेलंगाना की एक सीट (मुनुगोड़े) शामिल हैं।

हालांकि चुनाव विश्लेषकों का कहना है कि उपचुनाव अधिक मायने नहीं रखते और अधिकांश बार परिणाम उसी दल के पक्ष में जाते हैं जिस दल की सरकार में सरकार होती है। इसके बावजूद उपचुनाव के परिणाम कई क्षेत्रीय दलों के लिए मायने रखते हैं।

माना जाता है कि उपचुनाव के परिणामो से यह अंदाजा अवश्य लगाया जा सकता है कि हवा का रुख किधर है ? चुनाव भले ही एक सीट या दो सीट पर हो लेकिन परिणामो से यह पता आवश्य चल जाता है कि राज्य के लोग सरकार के कामकाज से कितने खुश हैं।

वहीँ बिहार में बड़े राजनीतिक परिवर्तन के बाद उपचुनाव हो रहे हैं। ऐसे में उपचुनाव के परिणाम यह तय करेंगे कि मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की राष्ट्रीय जनता दल के साथ जुगलबंदी का भविष्य की राजनीति पर क्या असर पड़ेगा।

महाराष्ट्र, उत्तर प्रदेश, तेलंगाना, हरियाणा और ओडिशा की एक एक सीट पर उपचुनाव हुआ है। सभी राज्यों में बहुमत वाली सरकार हैं। ऐसे में एक सीट का चुनाव परिणाम राज्य में सत्तारूढ़ दल के लिए भले ही मायने नहीं रखता हो लेकिन विपक्षी दल के लिए इसके बड़े मायने हैं।

उपचुनाव में सीट पर अपना कब्ज़ा बनाये रखना सत्ता पक्ष और विपक्ष दोनों के लिए बड़ी चुनौती होती है। ऐसे में दोनों ही पक्ष उपचुनाव में एड़ी चोटी का जोर आजमाते हैं।

कहां कितनी वोटिंग:

गुरुवार को सम्पन्न हुए 6 राज्यों की 7 विधानसभा सीटों के उपचुनाव के लिए मतदान में कई सीटों पर सामान्य से अधिक मतदान दर्ज किया गया है। बिहार के गोपालगंज में 48.35 फीसदी, मोकामा में 52.47 फीसदी, हरियाणा के आदमपुर में 75.25 फीसदी, महाराष्ट्र के अंधेरी ईस्ट में 31.74 फीसदी, ओडिशा के धामनगर में 66.63 फीसदी, यूपी की गोला गोकर्णनाथ में 55.68 फीसदी और तेलंगाना के मुनुगोड़े में 77.55 फीसदी वोटिंग हुई।

अपनी राय कमेंट बॉक्स में दें

TeamDigital